Fact Check: कुरुक्षेत्र में महिला के साथ ट्रेन में गैंगरेप, काम नहीं कर रहे थे CCTV कैमरे? जानें इस खबर की असली सच्चाई
कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली खबर ने लोगों को झकझोर दिया. कहा गया कि एक महिला के साथ गैंगरेप हुआ और रेलवे की लापरवाही की वजह से उसे ट्रेन से गिरना पड़ा, जिससे उसकी टांग कट गई.
Kurukshetra Gang Rape Fact Check: सोशल मीडिया और कुछ वेबसाइट्स पर हरियाणा के रेलवे स्टेशन से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली खबर ने लोगों को झकझोर दिया. कहा गया कि कुरुक्षेत्र में एक महिला के साथ ट्रेन में सामूहिक बलात्कार किया गया, उसे पटरी पर फेंक दिया गया और उसका एक पैर कट गया. उसने बताया, "मैं चीखती रही, गिड़गिड़ाती रही, लेकिन कोई नहीं आया. रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि स्टेशन पर अंधेरा था, CCTV काम नहीं कर रहे थे और रेलवे सुरक्षा में पूरी तरह फेल हो गया. इस खबर को 'The Print' नाम की वेबसाइट ने प्रमुखता से प्रकाशित किया और सीधे तौर पर रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को जिम्मेदार ठहराया. लेकिन अब इस खबर को लेकर PIB Fact Check ने बड़ा खुलासा किया है.
ये भी पढें: FACT CHECK: जिस ₹500 के नोट पर स्टार (*) बना हो, क्या वह नकली होता है? जानें इस फर्जी दावे की असली सच्चाई
कुरुक्षेत्र स्टेशन की दर्दनाक घटना पर फैक्ट चेक
PIB फैक्ट चेक में भ्रामक निकली रिपोर्ट
PIB फैक्ट चेक ने साफ किया है कि The Print की रिपोर्ट भ्रामक है. रेलवे स्टेशन पर सभी CCTV कैमरे काम कर रहे थे और इन्हीं कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें अरेस्ट किया गया. इसमें एक रेलवे कर्मचारी भी शामिल था. यानी तकनीकी लापरवाही का जो आरोप लगाया गया, वह फैक्ट के हिसाब से गलत है.
GRP ने तत्काल कार्रवाई की: PIB
PIB ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में रेलवे और GRP ने तत्काल कार्रवाई की और महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर लिया गया था. फिलहाल दोनों आरोपी जेल में हैं और कानूनी कार्यवाही जारी है.
तथ्यों की पुष्टि किए बिना रिपोर्टिंग
फैक्ट चेक के मुताबिक, मीडिया रिपोर्टिंग में तथ्यों की पुष्टि किए बिना सुरक्षा व्यवस्था को बदनाम करना गलत है. इससे लोगों में डर फैलता है और एक संस्था की छवि को नुकसान होता है.