VIDEO: मृत महिला के कान से झुमके चुराता वार्ड बॉय कैमरे में कैद, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के शामली जिला अस्पताल में एक वार्ड बॉय द्वारा मृत महिला के कान से सोने के झुमके चुराने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन व पुलिस हरकत में आ गए हैं. आरोपी फरार है और उसके खिलाफ केस दर्ज कर जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है जहां जिला संयुक्त अस्पताल में एक महिला के शव से वार्ड बॉय द्वारा सोने के झुमके चुराने का मामला सामने आया है. यह पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबरी क्षेत्र के हिरनवाड़ा गांव निवासी सचिन कुमार की 26 वर्षीय पत्नी श्वेता की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला संयुक्त अस्पताल लाया गया था.
जब बाबरी थाना की महिला पुलिसकर्मियों ने पोस्टमार्टम से पहले शव की जांच शुरू की, तो उन्होंने देखा कि महिला के कानों के झुमके गायब हैं. पहले तो परिजनों ने पुलिस पर ही आभूषण चोरी करने का आरोप लगाया.
यूपी : शामली के जिला अस्पताल में वार्ड बॉय ने महिला की लाश से कुंडल चुरा लिए। रोड एक्सीडेंट में महिला की मौत हुई थी। CCTV देखिए।@riyaz_shanu pic.twitter.com/9ioH5JDUXe
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) April 20, 2025
जांच के दौरान वार्ड बॉय विजय ने पुलिस को एक झुमका सौंपा और कहा कि उसे वह फर्श पर मिला था. उसकी बातों पर संदेह होने पर मृतका के परिजनों और पुलिस ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किशोर आहूजा से सीसीटीवी फुटेज चेक कराने की मांग की.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि वार्ड बॉय विजय ने महिला के शव से झुमके निकाले. जब पुलिस ने उससे पूछताछ करने के लिए उसे खोजा, तो वह अस्पताल से फरार हो चुका था.
मृतका के पति सचिन कुमार की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने आरोपी वार्ड बॉय के खिलाफ आदर्श मंडी थाना में तहरीर दी है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2025 12:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

