Viral Video: इटली के रेस्तरां में भारत विरोधी टिप्पणी करने पर बांग्लादेशी वेटर पर भड़कीं भारतीय इन्फ्लुएंसर, पुलिस के सामने मंगवाई माफी
इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर खुशी दुबे ने इटली के एक रेस्तरां में भारत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने पर एक बांग्लादेशी वेटर को आड़े हाथों लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भुगतान विवाद के बाद पुलिस की मौजूदगी में वेटर से माफी मंगवाते हुए देखा जा सकता है.
रोम: सोशल मीडिया पर भारतीय इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर खुशी दुबे (Indian Instagram influencer Khushi Dubey) (@khushicupcake5) का एक वीडियो तेजी से वायरल (Viral Video) हो रहा है, जिसमें वह इटली (Italy) के एक रेस्तरां में एक वेटर के साथ तीखी बहस करती नजर आ रही हैं. वायरल फुटेज के अनुसार, रेस्तरां में बिल भुगतान (Payment) को लेकर हुए विवाद के दौरान वेटर ने कथित तौर पर भारत और भारतीय नागरिकों के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की थीं. इसके बाद इन्फ्लुएंसर और उनके दोस्तों ने न केवल वेटर के दुर्व्यवहार का कड़ा विरोध किया, बल्कि स्थानीय पुलिस को बुलाकर उसके सामने वेटर से भारत के प्रति की गई टिप्पणी के लिए माफी भी मंगवाई.
यह घटना सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा और बहस का विषय बन गई है, जहां लोग देश के सम्मान के लिए खड़े होने पर इन युवतियों की सराहना कर रहे हैं.
बिल भुगतान के विवाद से शुरू हुआ मामला
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पूरा विवाद इटली के एक रेस्तरां में बिल के भुगतान के दौरान शुरू हुआ था. वीडियो में देखा जा सकता है कि होसैन नाम का एक वेटर, जो मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला बताया जा रहा है, युवतियों के समूह के साथ बहस कर रहा है. वह गुस्से में कहता है, "fk-off you, I call the police" (यहां से दफा हो जाओ, मैं पुलिस बुलाता हूं).
युवतियों ने तुरंत उसके इस अशिष्ट व्यवहार और अभद्र भाषा पर आपत्ति जताई. इसके बाद बात और बिगड़ गई जब वेटर ने उनकी राष्ट्रीयता (Nationality) को निशाना बनाना शुरू कर दिया.
वेटर ने की भारत विरोधी टिप्पणी, भड़कीं इन्फ्लुएंसर
बहस के दौरान वेटर होसैन ने कथित तौर पर कहा, "You carry your country badly" (तुम लोग अपने देश का नाम खराब करती हो). इस पर जब खुशी की एक सहेली ने जवाब दिया कि "ऐसा इसलिए क्योंकि हम बांग्लादेश से हैं" (संभवतः वेटर की राष्ट्रीयता को भांपते हुए), तो वेटर और आक्रामक हो गया. उसने चिल्लाते हुए कहा, "You're from fking India" (तुम लोग भारत से हो). उसने भारत को लेकर कुछ और भी आपत्तिजनक बातें कहीं, जिससे भारतीय युवतियों का समूह बेहद आक्रोशित हो गया.
इस तीखी नोकझोंक के बीच खुशी दुबे को वीडियो में अपनी सहेलियों से यह कहते हुए सुना जा सकता है, "यार उसको पैसे दो और चलो वरना आई विल स्लैप हिम (मैं उसे थप्पड़ मार दूंगी)." इसके बावजूद, युवतियां वहां से हटने के बजाय वेटर को उसकी इस हरकत के लिए जिम्मेदार ठहराने पर अड़ी रहीं.
इटली के एक रेस्टोरेंट में तीखी बहस का वीडियो वायरल होने के बाद खुशी दुबे ने माफ़ी की मांग की
View this post on Instagram
इतालवी पुलिस की मौजूदगी में मांगनी पड़ी माफी
वीडियो के अगले हिस्से में देखा जा सकता है कि मामले की सूचना मिलने के बाद इतालवी पुलिस (Italian Police) मौके पर पहुंच जाती है. पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में खुशी दुबे और उनके दोस्तों ने वेटर से भारत के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों के लिए स्पष्ट माफी की मांग की.
शुरुआत में वेटर माफी मांगने में आनाकानी कर रहा था, लेकिन खुशी दुबे लगातार अपनी मांग पर अड़ी रहीं. वीडियो में वह वेटर से बेहद कड़े लहजे में कहती सुनाई देती हैं, "SAY, I AM SORRY FOR ABUSING INDIA" (कहो कि मुझे भारत को अपशब्द कहने के लिए खेद है). अंततः पुलिस की निगरानी के बीच वेटर को अपनी गलती स्वीकार करनी पड़ी.
हालांकि इस विवाद की शुरुआत की असल वजह और पूरा संदर्भ अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, और न ही रेस्तरां प्रबंधन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है, लेकिन इंटरनेट पर इस वीडियो को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. जहां अधिकांश भारतीय नेटिजन्स इन लड़कियों की देशभक्ति और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स पूरी घटना को समझने के लिए और अधिक संदर्भ की मांग कर रहे हैं.