सावन के तीसरे सोमवार पर अयोध्या से नासिक तक शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, दर्शन के लिए सुबह से मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़; VIDEOS

सावन महीने के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी का दुर्लभ धार्मिक संयोग बनने से देशभर के प्रमुख शिव मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या से लेकर दिल्ली, गोरखपुर और महाराष्ट्र के नासिक तक तड़के से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं

(Photo Credits ANI)

Sawan Third Somwar 2026:  सावन महीने के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी का दुर्लभ धार्मिक संयोग बनने से देशभर के प्रमुख शिव मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या से लेकर दिल्ली, गोरखपुर और महाराष्ट्र के नासिक तक तड़के से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं. अयोध्या में नागेश्वरनाथ और शेषावतार मंदिर समेत प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान शिव एवं नाग देवता की विशेष पूजा-अर्चना की.

अयोध्या 5 ज़ोन में विभाजित, सुरक्षा के बहुस्तरीय इंतजाम

अयोध्या में उमड़ी अप्रत्याशित भीड़ के सुगम प्रबंधन के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 5 प्रमुख ज़ोन में विभाजित किया गया है, जिनमें शहर के सभी प्रमुख मंदिर और संपर्क मार्ग शामिल हैं. एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने सुरक्षा व्यवस्था पर जानकारी देते हुए बताया कि सुबह से ही श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए पुलिस और ट्रैफिक विभाग पूरी तरह सतर्क मोड पर हैं.

घाटों पर स्नान करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वॉटर पुलिस के साथ-साथ राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमों को गश्त पर लगाया गया है. ये टीमें लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की निरंतर चेतावनी दे रही हैं.

CCTV कंट्रोल रूम से निगरानी और पृथक प्रवेश-निकास

मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही बनाए रखने के लिए दर्शन, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग पुलिस व्यवस्था की गई है. पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन प्रणाली से नजर रखी जा रही है. सेंट्रल कंट्रोल रूम से अधिकारी पल-पल के घटनाक्रम और भीड़ की आवाजाही पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटा जा सके.

देशभर के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही पूजा-अर्चना

सावन सोमवार और नाग पंचमी के इस विशेष अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी धार्मिक उत्साह देखा जा रहा है.

दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

बिहार-बंगाल में दो बड़े हादसे

वहीं, सावन के तीसरे सोमवार पर बिहार और पश्चिम बंगाल में दो दर्दनाक हादसों ने श्रद्धालुओं को झकझोर दिया। बिहार के लखीसराय स्थित अशोक धाम मंदिर में भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसमें 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे, जिससे वहां अचानक भीड़ बढ़ गई.

वहीं, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में सोमवार तड़के एक होटल में भीषण आग लग गई. हादसे के समय ज्यादातर श्रद्धालु होटल में सो रहे थे. आग की चपेट में आने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

Share Now