Lalbaugcha Raja 2026 First Look: इस तारीख को होगा लालबागचा राजा का पहला दर्शन, जानें क्या रहेगा खास

पंडाल में चल रही तैयारियों की सामने आई तस्वीरों से पता चलता है कि इस बार एक विशाल मंदिर जैसी भव्य संरचना तैयार की जा रही है. इसके प्रवेश द्वार और वास्तुकला को विशेष रूप से डिजाइन किया जा रहा है.

Lalbaugcha Raja

Lalbaugcha Raja 2026 First Look:  गणेश चतुर्थी के नजदीक आते ही मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. शहर के कई प्रमुख गणपति मंडलों के आगमन सोहले पूरे हो चुके हैं, लेकिन श्रद्धालुओं को मुंबई के सबसे प्रसिद्ध 'लालबागचा राजा' के प्रथम दर्शन का बेसब्री से इंतजार है. इस वर्ष गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को है और लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार उत्सव 14 सितंबर से 25 सितंबर तक चलेगा.

12 सितंबर को आ सकता है फर्स्ट लुक

सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, लालबागचा राजा का पहला रूप शनिवार, 12 सितंबर को सार्वजनिक किए जाने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, मंडल की ओर से आधिकारिक तारीख की घोषणा होना अभी बाकी है. परंपरा के अनुसार, मंडल अपनी मुख्य मूर्ति और पंडाल की भव्य सजावट को उत्सव की शुरुआत तक गुप्त रखता है, जिससे श्रद्धालुओं के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है.   यह भी पढ़े:   Ganesh Chaturthi 2026: गणेश चतुर्थी 2026: 14 सितंबर को स्थापित होंगे गणपति, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और विसर्जन की तारीख

मंदिर जैसी भव्य संरचना और भगवान शिव से जुड़ी चर्चाएं

पंडाल में चल रही तैयारियों की सामने आई तस्वीरों से पता चलता है कि इस बार एक विशाल मंदिर जैसी भव्य संरचना तैयार की जा रही है. इसके प्रवेश द्वार और वास्तुकला को विशेष रूप से डिजाइन किया जा रहा है.

इस बार सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला तत्व पंडाल के ऊपर लगाया गया एक विशाल त्रिशूल है. इसे देखकर श्रद्धालुओं के बीच यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि इस वर्ष की थीम भगवान शिव से संबंधित हो सकती है. हालांकि, जब तक मंडल द्वारा आधिकारिक बयान जारी नहीं किया जाता, तब तक इसे केवल एक अनुमान ही माना जा रहा है.

लालबागचा राजा गली में लाइटिंग और सुरक्षा व्यवस्था

उत्सव के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए लालबागचा राजा गली और आसपास के रास्तों पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं. ओवरहेड स्ट्रक्चर और विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिससे यह पूरा मार्ग आकर्षण का केंद्र बनेगा. सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं.

Share Now