Ganesh Chaturthi 2026: मुंबई में गणेशोत्सव की धूम, लोगों के घरों में विराजे डेढ़ दिन के गणपति आज होंगे विदा

मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की भारी धूम के बीच आज डेढ़ दिन के गणपति का विसर्जन किया जा रहा है. कल सोमवार 14 सितंबर को स्थापित बप्पा की मूर्तियों का उत्तरपूजा के बाद कृत्रिम तालाबों और प्राकृतिक जलनिकायों में विसर्जन जारी है.

Ganesh Chaturthi 2026:  मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव का त्योहार धार्मिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है. सोमवार 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने अपार श्रद्धा के साथ भगवान श्री गणेश को अपने घरों और सोसायटियों में स्थापित किया था. उत्सव के दूसरे दिन आज यानी 15 सितंबर को डेढ़ दिन के गणपति का विसर्जन किया जा रहा है.

शास्त्रों और पारिवारिक परंपराओं के अनुसार कई श्रद्धालु डेढ़ दिन के लिए ही बप्पा को अपने घर में विराजमान करते हैं. उत्तरपूजा और दैनिक आरती के बाद श्रद्धालु नम आंखों से बप्पा को विदाई दे रहे हैं.  यह भी पढ़े: Lalbaugcha Raja Live Darshan: लालबागचा राजा के आज दूसरे दिन, घर बैठे ऐसे करें बप्पा के दर्शन; पाएं आशीर्वाद

मुंबई में सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम

डेढ़ दिन के विसर्जन को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और मुंबई पुलिस ने शहर भर में कड़े सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम किए हैं. गिरगांव चौपाटी, जुहू बीच, दादर चौपाटी और माहिम सहित प्रमुख तटीय क्षेत्रों में पुलिस बल, होमगार्ड और लाइफगार्ड्स की तैनाती की गई है.

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए बीएमसी ने विभिन्न वार्डों में सैकड़ों कृत्रिम तालाब (Artificial Ponds) भी तैयार किए हैं. नागरिक निकाय ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे घरेलू इको-फ्रेंडली मूर्तियों के विसर्जन के लिए स्थानीय कृत्रिम तालाबों का उपयोग करें.

उत्तरपूजा के बाद भावुक विदाई

विसर्जन प्रक्रिया शुरू करने से पहले परिवारों द्वारा बप्पा की विशेष उत्तरपूजा की गई. इसमें धूप, दीप, मोदक और दुर्वा अर्पित कर भगवान गणेश से घर-परिवार की समृद्धि और सुख-शांति की प्रार्थना की गई.

इसके बाद "गणपति बप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या" के जयघोष के साथ ढोल-ताशों की धुन पर प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक ले जाया जा रहा है. प्रशासन ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर प्रमुख सड़कों पर आवागमन को सुचारू रखने की व्यवस्था की है.

25 सितंबर को होगा अनंत चतुर्दशी का मुख्य विसर्जन

उल्लेखनीय है कि गणेशोत्सव के दौरान अलग-अलग परंपराओं के तहत डेढ़ दिन, तीन दिन, पांच दिन, सात दिन और ग्यारहवें दिन विसर्जन किया जाता है. सार्वजनिक पंडालों और बड़े गणेश मंडलों का मुख्य विसर्जन 25 सितंबर 2026 को अनंत चतुर्दशी के दिन संपन्न होगा. तब तक पूरे शहर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दर्शन का दौर जारी रहेगा.

Share Now