देश

Delhi Weather: दिल्ली में आज बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट; जानें राजधानी में कब तक बरसेंगे बादल

दिल्ली-NCR के लोगों को मई की चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली है. पिछले दो दिनों से हो रही हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है और मौसम में हल्की ठंडक घुल गई है.

Delhi Weather: दिल्ली में आज बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट; जानें राजधानी में कब तक बरसेंगे बादल
Representational Image | PTI

दिल्ली-NCR के लोगों को मई की चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली है. पिछले दो दिनों से हो रही हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है और मौसम में हल्की ठंडक घुल गई है. मौसम विभाग (IMD) ने आज और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है. दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जो कुछ समय के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इन मौसमीय गतिविधियों के चलते लोगों को कुछ हद तक गर्मी और लू से राहत मिलेगी. हालांकि, उमस में इज़ाफा हो सकता है, जिससे दिन में थोड़ी बेचैनी महसूस हो सकती है.

येलो अलर्ट का मतलब है कि मौसम में अचानक बदलाव आ सकता है और नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है. इस दौरान तेज हवाएं, आंधी, बिजली गिरने जैसी घटनाएं हो सकती हैं. इसलिए खुले इलाकों, पेड़ों के नीचे या असुरक्षित स्थानों पर खड़े रहने से बचें.

तापमान का हाल

सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है. वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से 3.3 डिग्री कम था. नोएडा और आसपास के इलाकों में भी पिछले दो दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है. तेज हवाओं और बादलों के कारण गर्मी की तीव्रता में काफी कमी आई है.

कब तक रहेगा ऐसा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 मई को भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. यानी मई की शुरुआत में दिल्लीवासियों को तेज गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा. हालांकि, बारिश के बावजूद दिन और रात के तापमान में खास गिरावट नहीं आएगी. दिन का तापमान 32–36 डिग्री और रात का तापमान 23–24 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. बारिश के चलते दिल्ली की हवा थोड़ी बेहतर हुई है. सोमवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 से नीचे दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है.

सफदरजंग में रिकॉर्ड बारिश

दिल्ली के सफदरजंग वेदर स्टेशन पर शुक्रवार को 6 घंटे में 77 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो मई महीने में 1901 के बाद दूसरी सबसे ज्यादा 24 घंटे की बारिश है. इससे साफ है कि इस बार दिल्ली में मई की शुरुआत बेहद असामान्य और अनुकूल मौसम के साथ हो रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2025 04:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).