Nasik Maha Metro Update: नासिक के लिए अब नई मेट्रो योजना पर काम शुरू, 'Neo' की जगह नया मॉडल लाने की तैयारी; स्मार्ट पब्लिक ट्रांसपोर्ट की मिलेगी सुविधा
महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Maha Metro) ने नासिक शहर के लिए 'Neo मेट्रो' की जगह अब एक नया मेट्रो वेरिएंट लाने की तैयारी शुरू कर दी है.
Nasik Maha Metro Update: महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (Maha Metro) ने नासिक शहर के लिए 'Neo मेट्रो' की जगह अब एक नया मेट्रो वेरिएंट लाने की तैयारी शुरू कर दी है. केंद्र सरकार के निर्देश पर Maha Metro ने पहले से बनी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) को भी संशोधित करने का फैसला किया है. यह बदलाव शहर की बदलती ट्रैफिक जरूरतों और नासिक एयरपोर्ट शुरू होने के बाद के परिवहन पैटर्न को देखते हुए लिया गया है. Maha Metro के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वे नासिक के लिए Neo मेट्रो की जगह एक उपयुक्त विकल्प की तलाश कर रहे हैं.
इसके लिए वे सिर्फ भारतीय ही नहीं, विदेशी शहरों जैसे मैक्सिको और अबू धाबी की पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम का भी अध्ययन कर रहे हैं. उन्होंने बताया, “हम जल्द ही नया मेट्रो मॉडल या कोई अन्य परिवहन योजना तय करेंगे जो नासिक के लिए बेहतर हो.”
मोबिलिटी सर्वे का काम जारी
फिलहाल शहर में मोबिलिटी सर्वे का काम चल रहा है, जो डेढ़ महीने में पूरा हो जाएगा. सर्वे के नतीजों के आधार पर DPR को संशोधित किया जाएगा और फिर केंद्र सरकार से नई योजना को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. गौरतलब है कि 2021-22 के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नासिक के लिए Neo मेट्रो परियोजना का ऐलान किया था. इसके लिए 2,092 करोड़ रुपये की घोषणा भी की थी.
इस योजना के तहत 32 किलोमीटर लंबे दो एलिवेटेड कॉरिडोर पर रबर टायर्ड AC इलेक्ट्रिक कोच चलाने की योजना थी. लेकिन यह प्रोजेक्ट केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी नहीं पा सका.
स्मार्ट पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम की तैयारी
अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर के निर्देश पर Maha Metro ने फिर से योजना का खाका तैयार करना शुरू किया है. उन्होंने 18 अप्रैल को कुंभ मेले से जुड़ी एक वर्चुअल बैठक के दौरान नासिक के लिए नए ट्रांसपोर्ट मॉडल पर गंभीरता से काम करने को कहा था.
Maha Metro के अनुसार, शहर की बदलती जरूरतों के साथ अब ऐसी मेट्रो या ट्रांसपोर्ट सिस्टम जरूरी है, जो भविष्य में भी लोगों की सुविधा को ध्यान में रखे. नासिक जैसे विकसित हो रहे शहर के लिए एक टिकाऊ, किफायती और स्मार्ट पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम तैयार करना अब प्राथमिकता बन गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2025 08:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

