Who Is Nandita Sinha: कौन हैं नंदिता सिन्हा? जानिए Swiggy Instamart की नई CEO के बारे में सबकुछ
Swiggy के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी में कई वरिष्ठ अधिकारियों और बोर्ड सदस्यों के स्तर पर बदलाव देखने को मिले हैं. हाल के महीनों में कई प्रमुख अधिकारियों ने कंपनी छोड़ी है. ऐसे में नंदिता सिन्हा की नियुक्ति को Swiggy की भविष्य की रणनीति और Instamart के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
Who Is Nandita Sinha: स्विगी लिमिटेड (Swiggy Limited) ने अपने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Swiggy Instamart में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन किया है. कंपनी ने घोषणा की है कि मौजूदा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अमितेश कुमार झा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. इसके बाद मिंत्रा (Myntra) की पूर्व CEO नंदिता सिन्हा को Instamart का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है. वह 3 अगस्त से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगी. कंपनी की ओर से जारी रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, अमितेश कुमार झा ने 28 जुलाई को इस्तीफा सौंपा और तत्काल प्रभाव से स्विगी के वरिष्ठ प्रबंधन से अलग हो गए.
Swiggy Instamart में बड़ा बदलाव
भारत के तेजी से बढ़ते क्विक कॉमर्स बाजार में Swiggy Instamart, Blinkit, Zepto और अन्य कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है. ऐसे समय में कंपनी ने नंदिता सिन्हा को नेतृत्व सौंपा है. Swiggy के ग्रुप CEO श्रीहर्षा मजेटी ने नंदिता सिन्हा को भारत की सबसे सफल कंज्यूमर इंटरनेट लीडर्स में से एक बताया और कहा कि उनका ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण और संचालन का अनुभव Instamart की आगे की रणनीति को मजबूती देगा.
वहीं, कंपनी ने अमितेश कुमार झा के योगदान की भी सराहना की. Swiggy के अनुसार, उनके नेतृत्व में Instamart ने विस्तार किया, कई नई पहल शुरू कीं और मुनाफे की दिशा में अहम प्रगति हासिल की.
कौन हैं नंदिता सिन्हा?
नंदिता सिन्हा के पास 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने रिटेल, FMCG और ई-कॉमर्स सेक्टर में कई बड़ी जिम्मेदारियां निभाई हैं. उन्होंने आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी से सिरेमिक इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की. इसके बाद फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (FMS), दिल्ली से मार्केटिंग और स्ट्रैटेजी में MBA किया.
नंदिता ने अपने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) में सेल्स और ब्रांड मैनेजमेंट से की. इसके बाद वह ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज में प्रोडक्ट मैनेजर रहीं. उन्होंने बाद में बेबी प्रोडक्ट्स से जुड़ा एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी सह-स्थापित किया.
साल 2013 में वह फ्लिपकार्ट से जुड़ीं, जहां उन्होंने एक दशक से अधिक समय तक ब्यूटी, होम फर्नीचर, जनरल मर्चेंडाइज, कस्टमर ग्रोथ और मार्केटिंग जैसे कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली.
Myntra की CEO भी रह चुकी हैं
Swiggy Instamart की जिम्मेदारी संभालने से पहले नंदिता सिन्हा Myntra की CEO थीं. उनके नेतृत्व में Myntra ने बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई और कंपनी को EBITDA प्रॉफिटेबिलिटी तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. अब उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह Instamart को भी तेज प्रतिस्पर्धा के बीच नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी.
Swiggy में लगातार हो रहे हैं बड़े बदलाव
Swiggy के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी में कई वरिष्ठ अधिकारियों और बोर्ड सदस्यों के स्तर पर बदलाव देखने को मिले हैं. हाल के महीनों में कई प्रमुख अधिकारियों ने कंपनी छोड़ी है. ऐसे में नंदिता सिन्हा की नियुक्ति को Swiggy की भविष्य की रणनीति और Instamart के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.