Weather Forecast: उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा, लेकिन अन्य राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है.
नई दिल्ली: फरवरी के अंत तक उत्तर भारत में गर्मी का अहसास होने लगा था, लेकिन मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. सुबह और शाम को ठंडी हवाओं के कारण लोग फिर से स्वेटर और गर्म कपड़े पहनने लगे हैं. दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के चलते ठंडक बढ़ गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा, लेकिन अन्य राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है. कुछ जगहों पर ओले गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. अगले 3 से 4 दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख, बिहार, असम और सिक्किम में मौसम खराब रहेगा.
बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में पहाड़ी इलाकों में भारी बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 9 मार्च से 11 मार्च तक बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 9 से 13 मार्च के बीच भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है.
इन राज्यों में भी दिखेगा असर
असम, सिक्किम और बिहार में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है. उत्तर भारत में तेज हवाओं के कारण ठंडक बनी हुई है, जिससे लोगों को सुबह और रात के समय सर्दी महसूस हो रही है.
उत्तर भारत में जल्द बढ़ेगा तापमान
उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में पिछले कुछ दिनों से तेज हवाएं चल रही थीं, लेकिन अब जल्द ही यह रुकने वाली हैं. इसके बाद इन राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ने लगेगा और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा. धूप खिलने से दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट बनी रह सकती है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 08, 2025 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

