VIDEO: गाजियाबाद में सोते रहे परिजन, डेढ़ घंटे तक तीन मंजिला मकान में चोरी करता रहा चोर; वारदात CCTV में कैद
वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने अंदेशा जताया है कि चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले किसी बेहोशी या गहरी नींद वाले स्प्रे का इस्तेमाल किया हो सकता है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही ऐसे किसी दावे की पुष्टि हो सकेगी
Ghaziabad Theft: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के गाजियाबाद अंतर्गत विजयनगर थाना क्षेत्र से चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. सेक्टर-9 के एफ-ब्लॉक स्थित एक तीन मंजिला मकान में देर रात चोर ने घुसकर करीब डेढ़ से दो घंटे तक बेखौफ होकर कमरों और अलमारियों की तलाशी ली. चोर घर से लाखों की नकदी और सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गया. चोरी की यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है.
सोते रहे दंपत्ति और बच्चे, चोर खंगालता रहा अलमारियां
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वारदात के समय मकान में गृहस्वामी, उनकी पत्नी और तीनों बच्चे अलग-अलग कमरों में सो रहे थे. चोर ने बेहद शातिराना अंदाज में मकान में प्रवेश किया और पहली, दूसरी तथा तीसरी मंजिल पर रखी अलमारियों, सेफ और लॉकर के ताले तोड़कर नकदी और गहने बटोर लिए. हैरत की बात यह रही कि डेढ़ घंटे से अधिक समय तक चली इस हलचल के बावजूद परिवार के किसी भी सदस्य की नींद नहीं खुली. यह भी पढ़े: 'रेलवे ट्रैक' पर चोरी करता था बॉयफ्रेंड, माल बेचने से वकील तक का इंतजाम करती थी जिम ट्रेनर गर्लफ्रेंड, बेंगलुरु में अनोखा चोर गैंग गिरफ्तार
नशीले स्प्रे के इस्तेमाल की आशंका
वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने अंदेशा जताया है कि चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले किसी बेहोशी या गहरी नींद वाले स्प्रे का इस्तेमाल किया हो सकता है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही ऐसे किसी दावे की पुष्टि हो सकेगी. सुबह जब परिजनों की आंख खुली और अलमारियों के ताले टूटे मिले, तब घटना की जानकारी हुई.
सीसीटीवी फुटेज से चोर की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस ने घर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है. सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध चोर की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता
इस घटना के बाद सेक्टर-9 क्षेत्र के निवासियों में डर और चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे भरे-पूरे मकान में घुसकर घंटों चोरी कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी.