देश

भाई की मौत का बदला लेने के लिए 7वीं क्लास की छात्रा ने मिड-डे मील में मिलाया जहर, ऐसे हुआ खुलासा

बनकठा पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बौलिया जूनियर हाईस्कल की छात्रा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है. छात्रा को बाल सुधार गृह भेजे जाने की तैयारी की जा रही है.

भाई की मौत का बदला लेने के लिए 7वीं क्लास की छात्रा ने मिड-डे मील में मिलाया जहर, ऐसे हुआ खुलासा
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक 7 वीं क्लास की छात्रा को पुलिस ने मिड-डे-मील में जहर मिलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. बच्ची पर आरोप है कि उसने अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए खाने में जहर मिलाया है. पुलिस ने बताया कि बौलिया गांव के प्रिंसिपल की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है. मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी छात्रा और उसकी मां को हिरासत में ले लिया है और स्कूल की रसोई को सील कर दिया है.

बनकठा पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बौलिया जूनियर हाईस्कल की छात्रा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है. छात्रा को बाल सुधार गृह भेजे जाने की तैयारी की जा रही है.

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को करीब साढ़े दस बजे स्कूल की रसोइया राधिका जब बच्चों को चावल देने जा रही थी तब उसने देखा कि आरोपी छात्रा रसोई में गयी. इस दौरान उसने देखा कि छात्रा के हाथ में सफेद रंग का पाउडर था और बच्चों को जो सब्जी मिली हुई दाल परोसी जाने वाली थी उसमें भी कुछ सफेद रंग का पाउडर पड़ा हुआ था. जिसके बाद उसने दूसरे रसोईये की मदद से छात्रा को रसाईघर में बंद कर दिया और स्कूल के प्रिंसिपल को इसकी सूचना दी.

इस मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग, शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची और दाल के नमूने परीक्षण के लिये प्रयोगशाला भेज दिये गये है, जहां से रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन का समय लग सकता है.

छात्रा ने भोजन में जहरीला पदार्थ इसलिए मिलाया था क्योंकि वह अपने भाई की मौत का बदला लेना चाहती थी. कक्षा तीन में पढ़ने वाले उसके भाई की दो अप्रैल को स्कूल के ही कक्षा पांच के एक छात्र ने हत्या कर दी थी. हत्या करने वाला छात्र इस समय बाल सुधार गृह में है. बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2018 11:43 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).