देश

तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर लालू आवास में पसरा सन्नाटा

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता के जन्मदिन के मौके पर शुक्रवार को पटना स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर सन्नाटा पसरा है. तेजस्वी को बधाई देने आ रहे कार्यकर्ता भी मायूस लौट रहे हैं.

तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर लालू आवास में पसरा सन्नाटा
तेजस्वी यादव ( Photo Credit-Twitter )

पटना, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी नेता के जन्मदिन के मौके पर शुक्रवार को पटना स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर सन्नाटा पसरा है. तेजस्वी को बधाई देने आ रहे कार्यकर्ता भी मायूस लौट रहे हैं. आरजेडी के एक नेता का दावा है कि तेजस्वी दिल्ली में हैं. तेजस्वी के जन्मदिन पर उनके पटना में नहीं रहने के कारण कार्यकर्ता मायूस हैं.

कार्यकर्ता उत्साह के साथ राबड़ी देवी के आवास पर तो पहुंच रहे हैं, परंतु यहां जैसे ही तेजस्वी के नहीं रहने की खबर दी जा रही है, वे मायूस हो लौट रहे हैं. इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने दोनों भाईयों तेजस्वी और तेजप्रताप को मिलकर रहने की नसीहत दी है. राबड़ी ने एक ट्वीट कर लिखा, "तेज-तेजस्वी जी आप दोनों अपने हाथों प्रदेश के विकास व महिला सुरक्षा को एक नई बुलंदी देंगे, ऐसी अपेक्षा है."

इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक तस्वीर भी पोस्ट की है जिसमें तेजप्रताप अपने छोटे भाई तेजस्वी को मिठाई खिलाते नजर आ रहे हैं. गौरतलब है कि तेजप्रताप द्वारा अदालत में अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी दिए जाने के बाद से वे अपने घर नहीं लौटे हैं.

यह भी पढ़ें: ऐश्वर्या का होगा तलाक! लालू यादव के बेटे तेजप्रताप ने पटना अदालत में दी अर्जी

एक आरजेडी के नेता का कहना है कि दिवाली में भी पूरा परिवार इंतजार करते रह गया, लेकिन तेज प्रताप ने वृंदावन में दिवाली मनाई. उन्होंने दावा करते हुए कहा कि तेज प्रताप शुक्रवार को अपने छोटे भाई तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई देने दिल्ली जरूर पहुंचेंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 09, 2018 02:11 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).