जरुरी जानकारी

RBI के रेपो रेट पर फैसले से पहले 3 बैंकों ने फिक्स्ड डिपॉजिट के ब्याज दरों में की कटौती

वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत फिक्स्ड डिपॉजिट निवेशकों के लिए अच्छी नहीं रही है. दरअसल तीन बड़े बैंकों ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज दरों में कटौती की है.

RBI के रेपो रेट पर फैसले से पहले 3 बैंकों ने फिक्स्ड डिपॉजिट के ब्याज दरों में की कटौती
Credit-(FB)

Banks Fixed Deposit Rates : वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) निवेशकों के लिए अच्छी नहीं रही है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की अगली मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक से पहले निजी क्षेत्र के तीन प्रमुख बैंकों ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज दरों में कटौती की है. इन बैंकों में एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), यस बैंक (Yes Bank) और बंधन बैंक (Bandhan Bank) शामिल हैं.

फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज दरों में कटौती का कारण

इन बैंकों द्वारा ब्याज दरों में यह बदलाव भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा दो महीने पहले रेपो दर में 0.25% की कटौती के बाद किया गया है. फरवरी 2025 में RBI की पिछली MPC बैठक में रेपो दर को 0.25% घटाया गया था, और अब यह उम्मीद जताई जा रही है, कि RBI अपनी आगामी MPC बैठक, जो 7 से 9 अप्रैल 2025 के बीच होगी, में रेपो दर में और कटौती कर सकता है.

यह भी पढ़े-Bank Holiday: 14 अप्रैल को बैंक रहेंगे बंद? जानिए इस महीने में कब-कब है बैंक हॉलिडे

एचडीएफसी बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (HDFC Bank Fixed Deposit)

एचडीएफसी बैंक ने 1 अप्रैल 2025 से कुछ तय अवधि के फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरें घटा दी हैं. बैंक ने 2 साल 11 महीने (35 महीने) के डिपॉजिट पर ब्याज दर 35 बेसिस प्वाइंट्स घटाई है. इसके अलावा, 4 साल 7 महीने (55 महीने) के डिपॉजिट पर भी ब्याज दर में 40 बेसिस प्वाइंट्स की कमी की गई है. अब HDFC बैंक 35 महीने और 55 महीने के फिक्स्ड डिपॉजिट्स पर 7% ब्याज दे रहा है. वरिष्ठ नागरिकों को इन डिपॉजिट्स पर 0.5% अतिरिक्त ब्याज मिलेगा. यह दरें 3 करोड़ रुपये से कम के डिपॉजिट्स के लिए लागू हैं.

यस बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (Yes Bank Fixed Deposit)

यस बैंक ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट दरों में 0.25% की कटौती की है. अब बैंक 12 महीने से 24 महीने की अवधि के डिपॉजिट्स पर 7.75% ब्याज दे रहा है, जबकि पहले ये दर 8% थी.

बंधन बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (Bandhan Bank Fixed Deposit)

बंधन बैंक ने 3 अप्रैल 2025 से बल्क डिपॉजिट्स पर ब्याज दरों में संशोधन किया है. अब बैंक 3 करोड़ रुपये से अधिक के प्रतिदेय बल्क डिपॉजिट्स (Callable Bulk Deposits) पर 12 महीने और 12 महीने 1 दिन से लेकर 13 महीने तक की अवधि के लिए 8% ब्याज दे रहा है. गैर प्रतिदेय बल्क डिपॉजिट्स (Non-callable Bulk Deposits) पर बैंक 8.3% तक की ब्याज दर दे रहा है.

पिछले महीने भी कई बैंकों ने ब्याज दरों में की थी कटौती

पिछले महीने आठ से अधिक बैंकों ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट दरों में बदलाव किया था, जिनमें एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance Bank), इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank), डीसीबी बैंक (DCB Bank), कर्नाटक बैंक (Karnataka Bank), और उज्जीवन एसएफबी (Ujjivan SFB) शामिल हैं.

इस बदलाव के साथ, फिक्स्ड डिपॉजिट निवेशकों को अब अपनी निवेश योजना पर ध्यान से विचार करने की आवश्यकता होगी, खासकर अगर वह लंबी अवधि के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने का सोच रहे हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2025 01:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).