The Accidental Prime Minister: फिल्म को लेकर उमा भारती का बड़ा बयान, कहा पर्दाफाश होने के डर से कांग्रेस कर रही है विरोध
केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने रविवार को कहा कि जल्द रिलीज होने वाली फिल्म ‘द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ का कांग्रेस इसलिए विरोध कर रही है क्योंकि उन्हें डर है कहीं उनका (कांग्रेस) पर्दाफाश न हो जाए.
केंद्रीय मंत्री उमा भारती (Uma Bharti) ने रविवार को कहा कि जल्द रिलीज होने वाली फिल्म ‘द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ का कांग्रेस इसलिए विरोध कर रही है क्योंकि उन्हें डर है कहीं उनका (कांग्रेस) पर्दाफाश न हो जाए. फिल्म को लेकर जारी विवाद के बीच उमा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जब (पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस नेता) मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारु की इसी नाम से प्रकाशित पुस्तक को प्रतिबंधित करने की मांग नहीं उठी, तो अब फिल्म बनाने से कैसे रोक पाएंगे.’’उन्होंने कहा, ‘‘इस फिल्म में पुस्तक से अलग कुछ नहीं है. पहले किताब में लिखा है, वही फिल्म में है.’’उमा ने कहा,‘‘फिल्म पर प्रतिबंध की मांग कर रहे हैं. उनको (कांग्रेस) लग रहा है कि ‘एक्सपोज’ हो रहे हैं.’’
उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले उनको इसकी फिक्र नहीं थी. अब उनके अंदर भय है क्योंकि अब वे अहंकार के पीड़ित हैं. अहंकार के पीड़ित व्यक्ति को यह भय लगता है कि अब मैं ‘एक्सपोज’ हो जाऊंगा.’’उमा ने कहा कि जब पुस्तक लिखी गई थी, तब न तो मनमोहन सिंह ने और न ही कांग्रेस ने आपत्ति जताई थी. इस फिल्म का विरोध करने और न करने पर कांग्रेस में ही आपसी सहमति नहीं है. मनमोहन की अब तक कोई आपत्ति नहीं आई है.
यह भी पढ़ें- पूर्व पीएम एच डी देवगौड़ा का बड़ा बयान, कहा- मैं भी ‘‘एक्सीडेंटल प्राइममिनिस्टर’’ हूं
बता दें कि इस फिल्म में अनुपम खेर ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का किरदार निभाया है. वहीं अक्षय खन्ना (Akshaye Khanna) संजय बारू की भूमिका में नजर आए हैं. पत्रकार संजय बारू (Sanjaya Baru) 2004 से 2008 के बीच तत्कालीन प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार थे. फिल्म में सोनिया गांधी का किरदार जर्मन अभिनेत्री सुजैन बर्नट ने निभाया है. फिल्म में प्रियंका गांधी के रोल में टीवी एक्ट्रेस अहाना कुमरा हैं, वहीं राहुल गांधी के रोल में टीवी एक्टर अर्जुन माथुर हैं. फिल्म को विजय रत्नाकर गुट्टे ने डायरेक्ट किया है. हंसल मेहता इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं. फिल्म की शूटिंग लंदन के अलावा इंडिया के अलग-अलग हिस्सों में की गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2018 09:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

