तेलंगाना नगर निगम के बेरहम कर्मचारी, 22 आवारा कुत्तों को जहरीली सुई लगाकर मार डाला
तेलंगाना के विकाराबाद जिले में नगर निगम के कर्मियों ने 22 आवारा कुत्तों की कथित तौर पर हत्या कर दी, जिसे लेकर पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है
हैदराबाद: तेलंगाना के विकाराबाद जिले में नगर निगम के कर्मियों ने 22 आवारा कुत्तों की कथित तौर पर हत्या कर दी, जिसे लेकर पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है. पुलिस के एक अधिकारी ने एक स्थानीय निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पीटीआई भाषा को बताया कि कुछ स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद निगम के कर्मचारियों ने पिछले बुधवार को जहरीली सुइयां लगी लाठियों से मार-मार कर आवारा कुत्तों की हत्या कर दी.
अधिकारी ने कहा कि मारे गए कुत्तों को नगर निगम के डंप यार्ड में दफनाया गया था. उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद पशु चिकित्सकों ने कुत्तों के शवों का पोस्टमार्टम किया। उसकी रिपोर्ट का इंतजार है। इसके अलावा मौत का सटीक कारण जानने के लिए नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय निवासी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर निकाय अधिकारियों को नोटिस भेजा गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 23, 2019 04:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

