देश

अमृतसर शहर में देर रात धमाकों की आवाज से लोगों में दहशत, पुलिस ने इसे बताया अफवाह

पंजाब के अमृतसर में बुधवार देर रात डेढ़ बजे तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी. धमाकों की आवाज से आस-पास दहशत का माहौल बन गया. अमृतसर में इस तरह की आवाज सुने जाने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी.

अमृतसर शहर में देर रात धमाकों की आवाज से लोगों में दहशत, पुलिस ने इसे बताया अफवाह
प्रतीकात्मक तस्वीर (फाइल फोटो)

पंजाब के अमृतसर में बुधवार देर रात डेढ़ बजे तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी. धमाकों की आवाज से आस-पास दहशत का माहौल बन गया. अमृतसर में इस तरह की आवाज सुने जाने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने लिखा की यह तेज आवाज किसी बम ब्लास्ट की तरह लग रही थी. ऐसा भी बताया जा रहा है कि धमाके इतने जोरदार थे कि इनकी आवाज सिर्फ अमृतसर शहर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों छेहरटा इत्यादि में भी सुनाई दी. कई जगह लोग दहशत के मारे घरों से बाहर निकल आए. हालांकि पुलिस ने इस तरह की घटना से इनकार किया है.

सोशल मीडिया पर घटना की अलग-अलग खबरें तेजी से फैलने लगी. कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पोस्ट पर किया कि धमाकों के कारण कुछ घरों के शीशे टूट गए और लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया. वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि यह धमाका किसी विमान के नजदीक से गुजरने की वजह से हुआ. जबकि कुछ लोगों का यह भी कहना था कि शहर के आसपास दो धमाके हुए हैं. लेकिन यह धमाके विमान की वजह से नहीं हुए.

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए एडीसीपी जगजीत सिंह वालिया ने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वह किसी भी तरह के सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न दें. सब कुछ सही है. हमें अभी तक किसी भी तरह की अनहोनी की घटना की कोई जानकारी नहीं मिल रही है.

शहर में कई जगह पुलिस ने लोगों को समझा कर घरों को भेजा. इसी बीच पुलिस कमिश्नर एसएस श्रीवास्तव और डीसी शिव दुलार सिंह ढिल्लों ने बताया कि अभी तक उन्हें धमाके कहां पर हुए हैं इसकी जानकारी नहीं मिली है. जांच की जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की वह किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 15, 2019 09:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).