Sheetla Mata Temple Stampede: बिहार के नालंदा में शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान मची भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल; VIDEO
बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार सुबह पूजा के दौरान भगदड़ मच गई. इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हैं. प्रशासन ने मंदिर को अस्थाई रूप से बंद कर दिया है.
Sheetla Mata Temple Stampede: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित मघड़ा गांव के प्रसिद्ध माँ शीतला मंदिर में मंगलवार सुबह पूजा-अर्चना के दौरान अचानक भगदड़ मच गई. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें अधिकांश महिलाएं बताई जा रही हैं. दर्जनों श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय सदर अस्पताल और अन्य निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है.
चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार को उमड़ी थी भारी भीड़
जानकारी के अनुसार, चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार होने के कारण मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मंदिर परिसर में क्षमता से अधिक भीड़ होने और कतारों के सही प्रबंधन न होने के कारण अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया. भीड़ के अनियंत्रित होते ही लोग एक-दूसरे को कुचलते हुए आगे भागने लगे, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया.
शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान भगदड़
भगदड़ में 8 की मौत
प्रशासनिक कुप्रबंधन के आरोप
हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई. पटना से आए एक श्रद्धालु ने बताया, "हम लोग सुबह दर्शन के लिए पहुंचे थे, लेकिन वहां भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था. हर कोई पहले दर्शन करना चाहता था, जिसके कारण धक्का-मुक्की शुरू हुई और देखते ही देखते सब कुछ खत्म हो गया." स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया है कि हर साल इस मौके पर भीड़ जुटती है, इसके बावजूद प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे.
सरकार ने जताई संवेदना, मुआवजे का भरोसा
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है और सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीमें अस्पताल में तैनात हैं और गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है.
डिप्टी सीएम चौधरी ने हादसे में जताया दुख
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और एंबुलेंस की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए फिलहाल मंदिर को आम लोगों के लिए बंद कर दिया है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. अधिकारियों का कहना है कि पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है.