Shashi Tharoor Lift Incident: तिरुवनंतपुरम के होटल की लिफ्ट में फंसे शशि थरूर, फायर एंड रेस्क्यू टीम ने 20 मिनट में सुरक्षित निकाला; बोले- 'हम सब ठीक हैं'
रेस्क्यू के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए शशि थरूर ने कहा, "लिफ्ट फंस गई थी. हमने बाहर निकलने की हर संभव कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. फिर हमने फायर एंड रेस्क्यू सर्विस को बुलाया. उन्होंने हमें सुरक्षित बाहर निकाल लिया. चिंता की कोई बात नहीं है, हम सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं."
Congress MP Shashi Tharoor Lift Incident: कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) शुक्रवार शाम तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) के एक निजी होटल की लिफ्ट में कुछ समय के लिए फंस गए. यह घटना उस वक्त हुई, जब वह एक स्थानीय सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए होटल पहुंचे थे. लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने के बाद वह अन्य लोगों के साथ अंदर फंस गए. सूचना मिलते ही केरल फायर एंड रेस्क्यू सर्विस (Kerala Fire and Rescue Services) की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. यह भी पढ़ें: MP Shashi Tharoor: संसद के परिसर में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के साथ हादसा, सीढ़ियों से उतरते समय फिसले; VIDEO
तिरुवनंतपुरम के पीएमजी (PMG) इलाके में स्थित एक निजी होटल की लिफ्ट अचानक छठी मंजिल पर तकनीकी खराबी के कारण रुक गई. होटल कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर पर लिफ्ट को चालू करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद स्थानीय फायर एंड रेस्क्यू सर्विस को सूचना दी गई.
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने विशेष हाइड्रोलिक स्प्रेडर टूल की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को भी चोट नहीं आई.
शशि थरूर होटल की लिफ़्ट में फँसे; फ़ायर फ़ोर्स ने सुरक्षित बाहर निकाला:
रेस्क्यू के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए शशि थरूर ने कहा, "लिफ्ट फंस गई थी. हमने बाहर निकलने की हर संभव कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. फिर हमने फायर एंड रेस्क्यू सर्विस को बुलाया. उन्होंने हमें सुरक्षित बाहर निकाल लिया. चिंता की कोई बात नहीं है, हम सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं."
घटना के बाद शशि थरूर ने फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम का उनकी त्वरित कार्रवाई के लिए सम्मान भी किया और उनका आभार व्यक्त किया. इसके बाद वह अपने तय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए.
होटल प्रबंधन ने बताया कि लिफ्ट में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही होटल की सभी लिफ्टों का विस्तृत सुरक्षा निरीक्षण कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.