RBI के फैसले के बाद शेयर बाजार में उछाल दर्ज, सेंसेक्स 45,000 के पार; निफ्टी भी नई ऊंचाई पर
आरबीआई के फैसले पर घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया दी. सेंसेक्स पहली बार 45,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार चला गया और निफ्टी भी रिकॉर्ड उंचाई को छुआ. भारतीय रिजर्व बैंक ने प्रमुख ब्याज दर यानी रेपो रेट चार फीसदी पर बरकरार रखने की घोषणा की है. वहीं, देश की आर्थिक विकास को लेकर भी आरबीआई का नजरिया सकारात्मक है.
मुंबई, 4 दिसंबर : आरबीआई के फैसले पर घरेलू शेयर बाजार ने शुक्रवार को उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया दी. सेंसेक्स पहली बार 45,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार चला गया और निफ्टी भी रिकॉर्ड उंचाई को छुआ. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने प्रमुख ब्याज दर यानी रेपो रेट चार फीसदी पर बरकरार रखने की घोषणा की है. वहीं, देश की आर्थिक विकास को लेकर भी आरबीआई का नजरिया सकारात्मक है. पूर्वान्ह 10.44 बजे सेंसेक्स पिछले स़त्र से 369.78 अंकों यानी 0.83 फीसदी की बढ़त के साथ 45,002.43 पर कारोबार कर रहा था जबकि इससे पहले रिकॉर्ड स्तर 45,023.79 तक उछला.
निफ्टी बीते सत्र से 107.40 अंकों यानी 0.82 फीसदी की तेजी के साथ 13,241.30 पर बना हुआ था जबकि इससे पहले रिकॉर्ड उंचाई 13,248.25 को छुआ. बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सत्र से 33.26 अंकों की तेजी के साथ 44,665.91 पर खुला और आरबीआई के फैसले के बाद रिकॉर्ड स्तर 54,023.79 तक उछला.
यह भी पढ़ें: RBI: आम जनता को महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद, गांव-शहर में आर्थिक गतिविधियों ने पकड़ी रफ्तार
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी बीते सत्र से 43.50 अंकों की तेजी के साथ 13,177.40 पर खुला और कारोबार के दौरान रिकॉर्ड स्तर 13,248.25 तक उछला जबकि इसका निचला स्तर 13,164.65 रहा. बाजार के जानकार बताते हैं कि देश की आर्थिक विकास को लेकर केंद्रीय बैंक के सकारात्मक नजरिए से शेयर बाजार ने उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया दी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 04, 2020 12:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

