Saket Court Firing: आरोपी ने पिछले साल महिला के खिलाफ दर्ज कराया था धोखाधड़ी का केस
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा था, जिसमें सिंह को महिला के पीछे भागते और उसे गोली मारते हुए देखा जा सकता है। महिला चिल्ला रही है और पास में वकील सहित कई लोग खड़े देखे जा सकते हैं.
दिल्ली के साकेत कोर्ट परिसर में महिला को गोली मारने वाले निलंबित वकील ने महिला और अधिवक्ता राजेंद्र झा के खिलाफ 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कराया था. महिला एम. राधा को शुक्रवार सुबह साकेत कोर्ट में वकीलों के ब्लॉक में गोली मार दी गई, हालांकि उसकी हालत अब स्थिर है. कामेश्वर कुमार सिंह के रूप में पहचाने गए आरोपी ने महिला और झा के खिलाफ पिछले साल नवंबर में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. यह भी पढ़ें: दिल्ली के साकेत कोर्ट में महिला पर फायरिंग, अफरा-तफरी का माहौल
आईएएनएस के पास मौजूद प्राथमिकी के अनुसार, झा ने राधा के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर जनता को धोखा देने व गबन करने के लिए एक आपराधिक साजिश रची.
प्राथमिकी के अनुसार, झा ने मुझे पैसे के निवेश की एक योजना दिखाई, इसमें 20-40 प्रतिशत प्रति माह ब्याज की बात कही गई थी। इन्होंने बड़े पैमाने पर लोगों के साथ धोखाधड़ी की.
प्राथमिकी में कहा गया है, झा और राधा ने आरटीजीएस के माध्यम से मुझे केवल तीन लाख रुपये का भुगतान किया है और इसके बाद मुझे और कोई पैसा नहीं दिया गया। उन्होंने मेरे निवेश के नियमों और शर्तों का घोर उल्लंघन किया है.
प्राथमिकी में कहा गया है, दोनों व्यक्तियों ने मेरे खिलाफ साजिश रची, मेरे साथ भारी धोखाधड़ी की और 20 प्रतिशत प्रति माह की दर से ब्याज के साथ 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की.
पुलिस के अनुसार इस मामले में साकेत कोर्ट में आज सुनवाई होनी थी.
बार काउंसिल द्वारा प्रतिबंधित सिंह वकील की पोशाक पहनकर और बंदूक लेकर अदालत में दाखिल हुए थे.
उन्होंने वकीलों के ब्लॉक के सामने सुबह साढ़े दस बजे के करीब राधा को गोली मारी.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा था, जिसमें सिंह को महिला के पीछे भागते और उसे गोली मारते हुए देखा जा सकता है। महिला चिल्ला रही है और पास में वकील सहित कई लोग खड़े देखे जा सकते हैं.
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा, उसे पेट में दो और हाथ में एक गोलियां लगीं और उसे मैक्स साकेत अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत स्थिर है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुल 4-5 राउंड फायरिंग की गई और आरोपी कोर्ट कैंटीन के पिछले हिस्से से फरार हो गया.
डीसीपी ने कहा, आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और आगे की जांच जारी है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2023 02:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

