देश

रामदास आठवले का बिहार चुनाव में एनडीए को समर्थन देने का ऐलान, वक्फ बिल और आरक्षण पर भी की बात

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को समर्थन देगी.

रामदास आठवले का बिहार चुनाव में एनडीए को समर्थन देने का ऐलान, वक्फ बिल और आरक्षण पर भी की बात
Credit-(Twitter-X, ANI )

पटना, 29 मार्च : केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को समर्थन देगी. तीन दिवसीय दौरे पर बिहार आए आठवले ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि वह बिहार के चुनावी माहौल का जायजा लेने के लिए यहां आए हैं. उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) बिहार में एक भी सीट पर चुनाव नहीं लड़ेगी, लेकिन उसका रुख एनडीए के समर्थन में रहेगा.

आठवले ने कहा, "मैं तीन दिन के दौरे पर आया हूं और विधानसभा चुनाव को लेकर अपने कार्यकर्ताओं से बात करूंगा. मैं उन्हें आदेश दूंगा कि हम बिहार में एक भी सीट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे और एनडीए का समर्थन करेंगे. आज मैंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आश्वस्त किया है कि मेरी पार्टी एनडीए का हिस्सा रहेगी और बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी. मैं एनडीए के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए भी आऊंगा, हम यहां चुनाव जीतने जा रहे हैं." यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश: कांग्रेस ने युवती के शव को पेड़ से लटकने के मामले की न्यायिक जांच की मांग की

आठवले ने बिहार में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़े वर्गों के लिए तय 65 प्रतिशत आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में डालने के बारे में भी बयान दिया. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आरक्षण का मुद्दा मेरे मंत्रालय का है. एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण को नौवीं अनुसूची में डालने के लिए पहले एक एक्सपर्ट कमेटी से बात करनी पड़ेगी. जो मांग हो रही है, उस पर हमारा मंत्रालय सकारात्मक रूप से विचार करेगा."

वक्फ संशोधन विधेयक पर प्रतिक्रिया देते हुए आठवले ने कहा कि इस बिल पर राजनीति नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा, "वक्फ संशोधन विधेयक आम मुसलमानों के खिलाफ नहीं है. यह उन लोगों के खिलाफ है जो वक्फ की संपत्ति पर कब्जा किए बैठे हैं. इसका फायदा आम मुसलमानों को होगा, क्योंकि इस विधेयक के पारित होने से उन संपत्तियों का कब्जा आम मुसलमानों के हाथ में आएगा. इसलिए, मैं सभी मुसलमानों से अनुरोध करता हूं कि वे वक्फ संशोधन बिल का समर्थन करें. यह आम मुसलमानों के पक्ष में है."

इसके बाद आठवले ने फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा को जिताने की अपील की थी और कहा था कि अगर भाजपा सरकार नहीं बनी तो बंगाल में हिंदू समाप्त हो जाएंगे. इस पर आठवले ने कहा, "ममता बनर्जी की सरकार में बंगाल में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं, इसमें कोई शक नहीं है. ममता को हटाना पड़ेगा और भाजपा को लाना पड़ेगा. मिथुन चक्रवर्ती ने सही कहा है."

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 29, 2025 04:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).