Ram Mandir Donation Theft Row: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर भड़के बाबा बागेश्वर, कहा- इन्होंने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था चुरा ली'; VIDEO
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी और वित्तीय हेराफेरी के मामले पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने दोषियों को 'आधुनिक रावण' बताते हुए सख्त सजा की मांग की है.
Ram Mandir Donation Theft Row: अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में वित्तीय हेराफेरी और चोरी का मामला सामने आने के बाद देशभर के साधु-संतों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है. इस गंभीर मुद्दे पर अब मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. उन्होंने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इस घटना से देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की आस्था और सनातन परंपरा को गहरी ठेस पहुंची है.
'इन्होंने तो करोड़ों लोगों का भरोसा और श्रद्धा चुरा ली'
जकार्ता (इंडोनेशिया) में आयोजित श्री हनुमंत कथा के दौरान मीडिया से बातचीत में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस घटना का जिक्र करते हुए काफी भावुक नजर आए. उन्होंने इसकी तुलना रामायण काल से करते हुए कहा कि रावण तो ये भी हैं, बस इनका रूप बदल गया है.
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, "रावण ने तो केवल माता जानकी का हरण किया था, लेकिन इन लोगों ने तो राम मंदिर के दानपात्र से लाखों-करोड़ों लोगों की श्रद्धा और उनका भरोसा ही चुरा लिया है." उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह सच बोलते रहेंगे, चाहे किसी को बुरा लगे या अच्छा.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर भड़के बाबा बागेश्वर
'सरकारी सजा के साथ मिलेगा भगवान का महादंड'
चोरी के आरोपियों पर निशाना साधते हुए बाबा बागेश्वर ने कहा कि जिस तरह माता सीता को चुराने वाले रावण का पूरे परिवार सहित समूल नाश हो गया था, ठीक वैसा ही हश्र इन चोरों का भी होगा. उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के दान दिए हुए पैसों पर डाका डालने वालों को देश का कानून और सरकारी व्यवस्था तो दंड देगी ही, लेकिन इसके साथ ही उन्हें भगवान का 'महादंड' भी भुगतना पड़ेगा, जिससे उन्हें कोई नहीं बचा सकता.
केवल समर्पित लोगों के हाथों में हो मंदिरों की व्यवस्था
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंदिरों की सुरक्षा और उनके प्रबंधन में सुधार को लेकर एक बड़ा सुझाव भी दिया. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर कुकृत्य करने वालों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि राम मंदिर सहित सभी बड़े सनातन धार्मिक स्थलों की व्यवस्था और सेवा का कार्य केवल उन्हीं लोगों को सौंपा जाना चाहिए जो सनातन धर्म और संत परंपरा के प्रति पूरी तरह समर्पित और निष्ठावान हों.
'अभी सिर्फ छोटी मछलियां पकड़ी गई हैं'
एसआईटी (SIT) और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई पर बात करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि अभी तो सिर्फ इस मामले में छोटी मछलियां ही पुलिस की गिरफ्त में आई हैं. अगर इस मामले की गहराई से जांच की जाए, तो कई बड़े मगरमच्छ भी बहुत जल्द कानून के शिकंजे में होंगे.