देश

लोगों को जागरूक करने के लिए राजस्थान पुलिस ने शुरू किया अपना 'KBC'

राजस्थान पुलिस ने आम नागरिकों को अपराध व उनसे जुड़े कानूनों के बारे में जागरुक करने के लिए टेलीविजन कार्यक्रम 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) की तर्ज पर एक कार्यक्रम 'कितना बड़ा क्राइम' बनाया है. सोशल मीडिया पर इसे काफी सराहा जा रहा है.

लोगों को जागरूक करने के लिए राजस्थान पुलिस ने शुरू किया अपना 'KBC'
'केबीसी सीजन 10' की शानदार तस्वीरें (Photo Credits: Yogen Shah)

जयपुर: राजस्थान पुलिस ने आम नागरिकों को अपराध व उनसे जुड़े कानूनों के बारे में जागरुक करने के लिए टेलीविजन कार्यक्रम 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) की तर्ज पर एक कार्यक्रम 'कितना बड़ा क्राइम' बनाया है. सोशल मीडिया पर इसे काफी सराहा जा रहा है.

पुलिस द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रारूप में बनाये गए अपने तरह के इस पहले कार्यक्रम को फेसबुक व ट्विटर जैसी सोशल मीडिया वेबसाइटों पर प्रचारित किया जा रहा है.

राजस्थान के पुलिस महानिदेशक ओ पी गल्होत्रा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘इसका उद्देश्य लोगों को विभिन्न अपराधों व उनसे जुड़े कानूनों के बारे में मनोरंजक तरीके से बताना है.’’

उन्होंने कहा कि यह राजस्थान पुलिस की एक अनूठी पहल है और किसी अन्य राज्य ने ऐसा कार्यक्रम अभी नहीं बनाया है.

इस पहल की शुरुआत 24 सितंबर को हुई और लोगों ने इसको लेकर अच्छी प्रतिक्रिया दिखाई है. नियम कायदों के बारे में जानने के इच्छुक तथा ‘क्विज गेम’ खेलने के इच्छुक लोग इसे देख रहे हैं.

'कितना बड़ा क्राइम' में विभिन्न अपराधों व उनसे जुड़े कानूनों के बारे में सवाल पूछे जाते हैं जिसमें यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले भी शामिल हैं.

इस पहल के अगुवा अतिरिक्त महानिदेशक (सीबी सीआईडी) पंकज कुमार सिंह ने कहा, ‘‘फेसबुक व ट्विटर पर राजस्थान पुलिस को फॉलो करने वाले सरल से सवालों को जवाब दे सकते हैं. इस पहल का उद्देश्य लोगों को कानून व्यवस्था के प्रति जागरुक बनाना व विभिन्न कानूनों की जानकारी देना है.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 01, 2018 05:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).