देश

महिला प्रोफेसरों के साथ अश्लील हरकतें करता था प्रिंसिपल, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़ित महिलाओं ने 4 सिंतबर 2017 से 11 जनवरी 2018 के बीच की कई घटनाओं का हवाला दिया है. उन्होंने प्रिंसिपल के खिलाफ पुलिस को कई सबूत भी सौंपे हैं.

महिला प्रोफेसरों के साथ अश्लील हरकतें करता था प्रिंसिपल, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
प्रिंसिपल के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला (photo credit-ANI)

रायपुर: देश में महिलाओं की सुरक्षा का मसला हमेशा ही सुर्खियों में बना रहता है. प्रशासन द्वारा तमाम तरह के ठोस कदम के बावजूद ऐसे मामलों में लगातार इजाफा ही हुआ है. ताजा मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का है. जहां एक शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल के खिलाफ महिला प्रोफेसरों ने थाने में छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने की शिकायत दर्ज कराई है. जानकारी के अनुसार महिला प्रोफेसरों का आरोप है कि प्रिंसिपल अक्सर उन्हें अश्लील फोटो दिखाते हैं और उनके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ भी करते हैं.

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़ित महिलाओं ने 4 सिंतबर 2017 से 11 जनवरी 2018 के बीच की कई घटनाओं का हवाला दिया है. उन्होंने प्रिंसिपल के खिलाफ पुलिस को कई सबूत भी सौंपे हैं. महिला प्रोफेसरों की दलील है कि कई चेतावनियों के बावजूद उनके साथ बदसलूकी की घटनाएं लगातार हो रही हैं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ धारा 354क (1-3), 354 (1-4), 509 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. खबरों की मानें तो FIR दर्ज होने के बाद से ही आरोपी प्रिंसिपल ए.के.खैरवार फरार हो गए हैं. दूसरी तरफ निलंबित प्राचार्य ए.के. खैरवार ने उनके ऊपर लगे आरोपों को झूठा करार दिया है.

गौरतलब है कि रायपुर के महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में पीड़ितों के साथ कई महीनों से छेड़छाड़ की जा रही थी. लेकिन कभी बदनामी के डर से पीड़ित महिलाएं चुप्पी साधे रही. इस बात से प्रिंसिपल के हौसले बुलंद होते गए. और वो महिला अध्यापकों के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करता रहा.

इस बीच पीड़ित महिला अध्यापकों ने धीरे-धीरे एक दूसरे को अपनी आपबीती बताई तो पता चला की ऐसी हरकतें प्राचार्य सभी के साथ कर रहा था. पीड़ित अध्यापकों ने पहले इसकी विभागीय शिकायत की और अब पुलिस थाने जाकर मुकदमा दर्ज करा दिया.

खबरों के अनुसार प्राचार्य अपने ठिकाने से नदारद हैं. साथ ही अब वो अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट कचहरी के चक्कर लगा रहे हैं.बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2018 07:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).