राहुल गांधी ने साधा पीएम मोदी पर निशाना, कहा- प्रेस कॉन्फ्रेंस भूल जाइए, वह बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन भी नहीं कर सकते
राहुल गांधी मोदी की इस बात को लेकर आलोचना करते रहे हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं किया
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बीजेपी के एक कार्यकर्ता के सवाल की उपेक्षा करने को लेकर जोरदार निशाना साधा. राहुल गांधी ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस को भूल जाइए, वह चुनाव बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन भी नहीं कर सकते. बीजेपी कार्यकर्ता ने सरकार की कराधान नीति के चलते मीडिल क्लास की कथित परेशानियों को लेकर प्रधानमंत्री से सवाल किया था. गांधी परोक्ष रूप से पिछले सप्ताह हुई उस घटना का उल्लेख कर रहे थे जो तमिलनाडु के उत्तरी जिलों और पुडुचेरी के ‘‘बूथ कार्यकर्ताओं’’ से मोदी के संवाद के दौरान हुई थी.
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी द्वारा सवालों पर पहले से ही विचार विमर्श किया जाना अच्छा विचार है लेकिन पार्टी को जवाबों पर भी विचार विमर्श करना चाहिए. कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया की एक खबर का उल्लेख किया जिसमें दावा किया गया था कि मोदी ने तमिलनाडु के बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान तब असहज स्थिति का सामना किया जब एक कार्यकर्ता ने पूछा कि क्यों उनकी सरकार मीडिल क्लास से टैक्स एकत्रित करने में व्यस्त है जबकि उसे उनकी देखभाल करने में रुचि नहीं है. यह भी पढ़ें- मणिपुर के सीएम ने कहा, पीएम मोदी जैसे नेशनल हीरो का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकता
खबर में दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री ने एक वीडियो संवाद के दौरान कार्यकर्ता द्वारा उठाये गए सवाल का जवाब नहीं दिया और पुडुचेरी से जुड़कर अपना संवाद जारी रखा. गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘‘वणक्कम पुडुचेरी. संघर्ष कर रहे मध्यम वर्ग को नमो का यही जवाब है. किसी संवाददाता सम्मेलन को तो भूल जाइये, वह चुनाव बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन भी नहीं कर सकते.’’
प्रधानमंत्री से पूछे जाने वाले सवालों की बीजेपी द्वारा अब पहले से छंटनी करने संबंधित खबरों पर गांधी ने कहा कि बीजेपी द्वारा सवालों पर पहले से विचार विमर्श अच्छा विचार है. जवाबों पर भी विचार विमर्श करिए. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी की इस बात को लेकर आलोचना करते रहे हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं किया.
एजेंसी इनपुट
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 25, 2018 08:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

