राहुल गांधी का मोदी पर बड़ा हमला, कहा- 'पीएम ने वायु सेना का 30 हजार करोड़ रुपये चुराकर अनिल अंबानी की जेब में डाल दिया'
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राफेल सौदे में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि वायुसेना देश की रक्षा में जुटी है और उसी का 30000 करोड रुपए चुरा कर (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी ने अनिल अंबानी की जेब में डाल दिया.
रांची: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पर राफेल सौदे में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि वायुसेना देश की रक्षा में जुटी है और उसी का 30000 करोड रुपए चुरा कर (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी ने अनिल अंबानी की जेब में डाल दिया. झारखंड की राजधानी में शनिवार को आयोजित परिवर्तन उलगुलान महारैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "आज देश की तस्वीर ऐसी बन गई है कि जैसे ही देश के चौकीदार का नाम लिया जाता है लोग अपने आप कहते हैं 'चोर है."
राहुल ने कड़े शब्दों में कहा, ‘‘इससे अधिक शर्म की बात क्या हो सकती है कि जो सेना इस समय देश की रक्षा कर रही है उसी का धन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चोरी कर रहे हैं. मोदी सिर्फ सेनाओं का धन ही चोरी नहीं कर रहे हैं बल्कि वह किसानों से, मजदूरों से और आदिवासियों से उनकी जंगल और जमीन भी चोरी कर रहे हैं.’’कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘2013 में कांग्रेसी की सरकार में आदिवासियों के हक की रक्षा के लिए आदिवासी कानून एवं पेसा कानून बनाया लेकिन केंद्र में जैसे ही भाजपा के नेतृत्व में नरेंद्र मोदी ने सरकार बनाई तो उन्होंने भूमि अधिग्रहण बिल लाकर किसानों की और आदिवासियों की जमीन हड़पने की कोशिश की. लेकिन कांग्रेस ने इसका लगातार विरोध किया जिससे केंद्र कि मोदी सरकार अपना बिल लागू नहीं कर पाई .’’ यह भी पढ़े: राफेल विवाद: राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर लगाया बड़ा आरोप, कहा- अनिल अंबानी के लिए किया ‘बिचौलिए’ का काम
उन्होंने कहा, ‘‘यूपीए सरकार द्वारा 2013 में लाए गए भूमि अधिग्रहण विधेयक में व्यवस्था थी कि जिस इलाके में भूमि का अधिग्रहण किया जाना हो वहां के कम से कम 80% किसानों की इस बात के लिए रजामंदी होनी चाहिए और उनकी रजामंदी होने के बाद बाजार दर के 4 गुना दर से जमीन की कीमत किसानों को दी जानी थी लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने इस व्यवस्था को बदलने की भरपूर कोशिश की जिससे अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों को गरीबों की जमीन दी जा सके लेकिन जहां भी कांग्रेस की सरकारें हैं उन्होंने ऐसा नहीं होने दिया .राहुल ने दावा किया, ‘‘हाल में और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें गठित होने के बाद पहले किए गए वादे के अनुसार दो दिनों के भीतर किसानों के ऋण माफ कर दिए गए. यह भी पढ़े: राफेल विवाद: मोदी सरकार की डील से 15 दिन पहले फ्रांस रक्षा विभाग से मिले थे अनिल अंबानी- रिपोर्ट्स
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री ने देश के शीर्ष 15 उद्योगपतियों के 3.5 लाख करोड़ रुपए के ऋण माफ कर दिए लेकिन किसानों, छोटे दुकानदारों, व्यापारियों और छात्रों के ऋण सरकार ने नहीं माफ किए .उन्होंने कहा कि जल जंगल और जमीन किसानों की है, गरीबों की है, आदिवासियों की है. वह अंबानी, अडानी की नहीं है .कांग्रेस नेता ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही हाल में गठित छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने तय किया है कि जो भी उद्योगपति उद्योग लगाने के लिए जमीन लेगा यदि उसका उपयोग 5 वर्षों के भीतर नहीं किया गया तो वह जमीन वापस वहां के किसानों और गरीबों को बांट दी जाएगी तथा इसी सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में टाटा को दी गई बड़ी जमीन कोई उद्योग न बनाए जाने के चलते वापस लेकर क्षेत्र के किसानों में हाल में उनकी सरकार ने बांट दी. यह भी पढ़े: राफेल डील पर मोदी सरकार ने राज्यसभा में पेश की CAG रिपोर्ट, NDA के सौदे को UPA के मुकाबले बताया सस्ता
झारखंड में आगामी लोकसभा चुनाव की प्रचार की शुरुआत करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘केंद्र की पूर्ववर्ती संप्रग एक और संप्रग दो की कांग्रेस की सरकारों ने जनता को मनरेगा दिया इससे पहले के कांग्रेस सरकारों ने हरित क्रांति दी, दुग्ध क्रांति एवं कंप्यूटर क्रांति कराई लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने जनता से सिर्फ झूठ बोला.’’राहुल गांधी ने शब्दों में कहा, "नरेंद्र मोदी हर भाषण में झूठ बोलते हैं, उन्होंने कहा था सभी गरीबों के खातों में 15-15 लाख रुपए जाएंगे लेकिन दिया क्या , ₹17 रोज के हिसाब से पैसा देने की योजना बनाई. आखिर गरीब जनता को मोदी ने क्या समझ रखा है?"उन्होंने मंच पर मौजूद झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता स्टीफन मरांडी को आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव भी कांग्रेस दोनों क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर लड़ेगी और राज्य से भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करेगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 02, 2019 07:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

