पुणे: TCS कर्मचारी अमित ब्रह्मे आत्महत्या मामले में तीन पर FIR, सुसाइड नोट में मानसिक प्रताड़ना का खुलासा

पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के 48 वर्षीय कर्मचारी अमित अभय ब्रह्मे ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने उनके पास से बरामद सुसाइड नोट के आधार पर कंपनी की दो महिला सहयोगियों सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

टीसीएस नासिक (Photo Credits: File Image)

पुणे, 13 जून: महाराष्ट्र (Maharashtra) के पुणे  (Pune) जिले के पिंपरी चिंचवड़ (Pimpri Chinchwad) स्थित भोसरी इलाके से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहाँ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के हिंजवडी स्थित दफ्तर में कार्यरत 48 वर्षीय आईटी प्रोफेशनल अमित अभय ब्रह्मे (Amit Abhay Brahme) ने अपने आवास पर आत्महत्या (Suicide) कर ली. यह घटना बीते 2 जून की है. पुलिस ने मृतक के 19 वर्षीय बेटे अनिश ब्रह्मे की शिकायत और मौके से बरामद एक विस्तृत सुसाइड नोट के आधार पर टीसीएस के दो कर्मचारियों सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. यह भी पढ़ें: TCS नासिक जबरन धर्मांतरण और उत्पीड़न मामला: SIT ने नासिक कोर्ट में 8 आरोपियों के खिलाफ दायर की दूसरी चार्जशीट

सुसाइड नोट में कार्यस्थल पर उत्पीड़न के आरोप

भोसरी थाना पुलिस के अनुसार, अमित ब्रह्मे के पास से मिले सुसाइड नोट में लंबे समय से मिल रही मानसिक प्रताड़ना और पेशेवर रूप से अपमानित किए जाने का जिक्र है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अमित को कंपनी में योजनाबद्ध तरीके से दरकिनार (Sidelined) किया जा रहा था और उनके अधीन आने वाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां व प्रोजेक्ट्स वापस ले लिए गए थे.

परिजनों का आरोप है कि अन्य सहकर्मियों के सामने उन्हें बार-बार नीचा दिखाया जाता था. साथ ही, परफॉर्मेंस असेसमेंट (प्रदर्शन मूल्यांकन) खराब करने की धमकी देकर उन पर इस्तीफा देने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था.

आरोपी सहकर्मी और झूठी शिकायतों का जाल

पुलिस ने इस मामले में टीसीएस की दो महिला कर्मचारियों 'अर्चना' और 'शाश्वती' को नामजद किया है. इसके अलावा, विनोद पालिचा नाम के एक तीसरे बाहरी व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है.

जांच में सामने आया है कि विनोद पालिचा की पत्नी की दोस्ती फेसबुक के जरिए अमित की पत्नी से हुई थी. बाद में जब पारिवारिक विवाद के चलते पालिचा की पत्नी विदेश चली गई, तो पालिचा को यह शक हुआ कि ब्रह्मे दंपत्ति ने ही उसे भड़काया है. इसी रंजिश के चलते पालिचा ने अमित ब्रह्मे के खिलाफ धोखाधड़ी व चोरी की झूठी शिकायतें दर्ज कराईं और उनकी छवि खराब करने के लिए टीसीएस कंपनी को मानहानि वाले ईमेल भेजे. अमित की पत्नी पहले से ही एक गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं, जिसके चलते वे पहले से ही तनाव में थे और इन घटनाओं ने उन्हें गहरे अवसाद में धकेल दिया.

टीसीएस ने जारी किया आधिकारिक बयान

इस दुखद घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए टीसीएस (TCS) ने गहरा दुख व्यक्त किया है. कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा:

“हम अपने सहकर्मी अमित ब्रह्मे के आकस्मिक निधन से बेहद दुखी हैं. इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं. हमारे कर्मचारियों की भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं. हमने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ लगे आरोपों का संज्ञान लिया है और आंतरिक रूप से तथ्यों का पता लगा रहे हैं. जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है.”

पुलिस की कानूनी कार्रवाई और धाराएं

पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सुधाकर यादव ने पुष्टि की है कि भोसरी पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की एक विशेष टीम मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और जल्द ही आरोपियों व संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जाएंगे.

Share Now