Prateek Yadav Post-Mortem Report: प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने; कार्डियक अरेस्ट को बताया मौत की वजह!

प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियोपल्मोनरी कोलैप्स (Sudden Cardiac Arrest) बताया गया है. उनका अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12.30 बजे लखनऊ के पीपरा घाट पर किया जाएगा.

Prateek Yadav Post-Mortem Report:  समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट (Autopsy Report) सार्वजनिक कर दी गई है. बुधवार सुबह 38 वर्ष की आयु में हुए उनके आकस्मिक निधन ने सभी को चौंका दिया था.  HT और आज तक न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, प्रतीक यादव की मृत्यु का मुख्य कारण 'कार्डियोपल्मोनरी कोलैप्स' यानी अचानक आया दिल का दौरा (Sudden Cardiac Arrest) है. इसके अतिरिक्त, रिपोर्ट में 'पल्मोनरी थ्रोम्बोम्बोलिज़्म' (फेफड़ों की धमनियों में रुकावट) की बात भी कही गई है.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई थीं सांसें

सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उनके आवास पर डॉक्टरों की टीम भेजी गई थी. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सुबह 5.55 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि मृत्यु के सटीक कारणों का खुलासा केवल पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगा.  यह भी पढ़े:  VIDEO: प्रतीक के निधन के बाद अस्पताल पहुंचे अखिलेश यादव, छोटे भाई को याद कर हुए भावुक, कहा- ‘मेहनती था, जीवन में कुछ करना चाहता था’

कल पीपरा घाट पर दी जाएगी अंतिम विदाई

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार, 14 मई को दोपहर 12.30 बजे लखनऊ के पीपरा घाट पर किया जाएगा. उनका पार्थिव शरीर फिलहाल उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है, जहां बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता और समर्थक शोक व्यक्त करने पहुंच रहे हैं.

सक्रिय राजनीति से रहे हमेशा दूर

दिवंगत मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के पुत्र प्रतीक यादव ने खुद को हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रखा. ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से शिक्षित प्रतीक ने रियल एस्टेट और फिटनेस क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई थी. लखनऊ में वे 'द फिटनेस प्लैनेट' नाम से एक जिम चलाते थे. इसके अलावा, वे पशु कल्याण के प्रति भी काफी समर्पित थे और 'जीव आश्रय' नामक संस्था के माध्यम से लावारिस कुत्तों की सेवा और उनके बचाव का कार्य करते थे.

क्या होता है पल्मोनरी थ्रोम्बोम्बोलिज़्म?

चिकित्सकीय विशेषज्ञों के अनुसार, प्रतीक यादव की रिपोर्ट में उल्लिखित 'पल्मोनरी थ्रोम्बोम्बोलिज़्म' एक ऐसी स्थिति है जिसमें फेफड़ों की धमनियों में खून का थक्का जम जाता है. यह स्थिति अक्सर अचानक हृदय गति रुकने का कारण बनती है. प्रतीक पिछले कुछ समय से फेफड़ों से संबंधित जटिलताओं से जूझ रहे थे, जिसका जिक्र अखिलेश यादव ने भी अपनी संवेदनाओं के दौरान किया था.

Share Now