Poonch Terror Attack: पुंछ आतंकी हमले में शामिल संदिग्धों की तस्वीरें आई सामने, सेना का सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू कश्मीर के पुंछ में वायु सेना के काफिले पर हुए आतंकी हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस घटना में शामिल आतंकियों की तस्वीरें कैमरे में कैद हो गई है.
जम्मू-कश्मीर, 8 मई: जम्मू कश्मीर के पुंछ में वायु सेना के काफिले पर हुए आतंकी हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस घटना में शामिल आतंकियों की तस्वीरें कैमरे में कैद हो गई है. दरअसल, 4 मई को शाम छह बजे के करीब स्टूडेंट कोर्ट इलाके में पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट के आतंकियों ने घात लगाकर वायु सेना के काफिले पर हमला किया, जिसमें वायु सेना का एक जवान शहीद और चार जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
सेना हमले के लिए जिम्मेदार आतंकियों की तलाश में जुटी है. इस बीच तीन नाम सामने आए हैं जिनकी सुरक्षाबलों को तलाश है. इनमें एक पाकिस्तानी सेना का पूर्व कमांडो और एक लश्कर का कमांडर है. सुरक्षा सूत्रों ने पुष्टि की है कि जांच के दौरान तीन नाम सामने आए हैं- पूर्व पाक सेना कमांडो इलियास, जिसका कोड नाम फौजी है. लश्कर कमांडर अबू हमजा और हदून.
सेना के हाथ लगा CCTV फुटेज
सुरक्षा बलों की ओर से आतंकियों की तलाश को लेकर पिछले पांच दिनों से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है. जंगलों में चप्पे-चप्पे पर छानबीन जारी है. इसी बीच भारतीय सेना को उन आतंकियों की तस्वीर हाथ लगी है, जिन आतंकियों ने इस हमले को अंजाम दिया था. कहा जा रहा है कि ये तीनों जैश कमांड के तहत काम कर रहे थे और जैश-ए-मोहम्मद के करीबी पीएएफएफ के लिए हमलों को अंजाम दे रहे थे.
इलाके में सेना की ओर से लगाए गए सीसीटीवी में इन आतंकियों की तस्वीर कैद हुई है. जिसे भारतीय सेना ने जारी किया है, ताकि स्थानीय जनता को अगर इनके बारे में कोई जानकारी पता लगे तो वह सुरक्षा बलों को साझा कर सकें. इनका पता लगाने के लिए राजौरी-पुंछ वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2024 05:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

