देश

UP: धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर और DJ की तेज आवाज पर लगेगी लगाम, CM योगी का सख्त निर्देश

CM योगी आदित्यनाथ ने धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों के इस्तेमाल का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने और होली पर DJ की तेज आवाज पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए हैं. कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उन्होंने गौ तस्करों पर कड़ी नजर रखने, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने और होली के दौरान सुरक्षा बढ़ाने पर जोर दिया.

UP: धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर और DJ की तेज आवाज पर लगेगी लगाम, CM योगी का सख्त निर्देश
सीएम योगी (Photo : X)

वाराणसी में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकरों के इस्तेमाल को लेकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, उन्होंने होली के दौरान DJ की तेज आवाज पर भी सख्त नियंत्रण रखने की बात कही है.

धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाने की मुहिम

योगी सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों से अनावश्यक लाउडस्पीकरों को हटाने की प्रक्रिया अप्रैल 2022 से लगातार जारी है. इस अभियान के तहत लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, वाराणसी, गोरखपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई की गई थी. सरकार का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और नागरिकों को शांति प्रदान करना है.

DJ और तेज ध्वनि पर नियंत्रण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली जैसे त्योहारों के दौरान DJ और तेज ध्वनि को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि स्तर तय मानकों के अनुरूप रखा जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे. इस संबंध में पुलिस और प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.

होली पर विशेष सुरक्षा के निर्देश

होली और होलिका दहन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने शोभायात्राओं, सार्वजनिक कार्यक्रमों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया. इसके साथ ही, बेहतर ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान अव्यवस्था न हो.

गौ तस्करी पर कड़ी नजर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौ तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए विशेष निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि इसमें संलिप्त पाए जाने वाले तस्करों, वाहन स्वामियों और पुलिस प्रशासन के दोषी कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. ADG जोन पीयूष मोर्डिया को जनपदवार समीक्षा कर जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए गए हैं.

अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए थाना-स्तर पर टॉप-10 अपराधियों की सूची तैयार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और फुट पेट्रोलिंग को अनिवार्य बनाने पर जोर दिया गया है. इसके अलावा, पुलिस बूथों और पिंक बूथों पर हर समय पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी रूप से निपटा जा सके.

कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने होलिका दहन, होली के जुलूस, महाकुंभ के सफल आयोजन और तीन नए कानूनों के क्रियान्वयन की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और होली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 13, 2025 10:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).