देश

तृणमूल कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी की केदारनाथ यात्रा के कवरेज को लेकर चुनाव आयोग से की शिकायत

तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा केदारनाथ मंदिर में मीडिया को संबोधित किए जाने के बाबत चुनाव आयोग को रविवार को पत्र लिखकर शिकायत की...

तृणमूल कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी की केदारनाथ यात्रा के कवरेज को लेकर चुनाव आयोग से की शिकायत
चुनाव आयोग (Photo Credits: ANI)

लोकसभा चुनाव 2019:  तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा केदारनाथ मंदिर में मीडिया को संबोधित किए जाने के बाबत चुनाव आयोग को रविवार को पत्र लिखकर शिकायत की और इसे ‘अनैतिक’ बताया. साथ ही पार्टी ने मोदी की इस पवित्र तीर्थ स्थान की यात्रा को मिल रहे कवरेज को आदर्श आचार संहिता का ‘गंभीर उल्लंघन’ भी करार दिया है.

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में कहा है कि प्रधानमंत्री ने ऐलान किया कि केदारनाथ मंदिर के लिए मास्टर प्लान तैयार है. साथ ही उन्होंने मंदिर नगरी में जनता और मीडिया को संबोधित भी किया. यह पूरी तरह ‘‘अनैतिक और गलत है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘आखिरी चरण के लिए चुनाव प्रचार 17 मई को शाम छह बजे भले ही थम गया, लेकिन अचरज की बात है कि नरेंद्र मोदी की केदारनाथ यात्रा को पिछले दो दिनों के दौरान लगातार कवर किया जाता रहा और इसका बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय और स्थानीय मीडिया में प्रसारण किया जा रहा है. यह आदर्श आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन है.’’

प्रधानमंत्री ने रविवार को सुबह हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. मंदिर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोदी ने ऐसे समय पर मंदिर की यात्रा करने की इजाजत देने के लिए निर्वाचन आयोग को धन्यवाद कहा जब लोकसभा चुनाव होने की वजह से आदर्श आचार संहिता लागू है.

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ मतदाताओं को सीधे तौर पर या परोक्ष रूप से प्रभावित करने के मकसद से, उनकी यात्रा के दौरान हर मिनट की गतिविधि के ब्यौरे को व्यापक रूप से प्रचारित किया जा रहा है. पृष्ठभूमि से ‘मोदी मोदी’ के नारे भी सुनाई दे रहे हैं.’’ ओब्रायन ने कहा कि ये सारे कदम सोच समझकर उठाए गए हैं ताकि मतदान के दिन मतदाताओं को प्रभावित किया जा सके. पत्र में कहा गया है कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि चुनाव निकाय ने प्रधानमंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की.

(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2019 02:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).