UP के उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
उत्तर प्रदेश में पत्रकारों पर ड्यूटी के दौरान हमले की बढ़ रही घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए राज्य उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा राज्य ने कहा कि वह पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिहाज से कानून बनाये जाने के पक्षधर हैं.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पत्रकारों पर ड्यूटी के दौरान हमले की बढ़ रही घटनाओं पर चिंता जाहिर करते हुए राज्य उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा राज्य ने कहा कि वह पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिहाज से कानून बनाये जाने के पक्षधर हैं. शर्मा ने आज भाषा से बातचीत में कहा, ''व्यक्तिगत तौर पर मैं पत्रकारों पर ड्यूटी के दौरान हमले की घटनाओं से चिन्तित हूं. असामाजिक तत्वों द्वारा पत्रकारों पर हमले की घटनाएं हुई हैं जिन्हें रोके जाने की जरूरत है. पत्रकारों को सुरक्षा की आवश्यकता है ताकि वे अपनी ड्यूटी निष्पक्षता और बिना किसी भय के कर सकें .''
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सुरक्षा मिलनी चाहिए. महाराष्ट्र मीडियाकर्मी एवं मीडिया संस्थान :हिंसा और संपत्ति के नुकसान की रोकथाम: कानून 2017 में खासी दिलचस्पी दिखाते हुए शर्मा ने कहा कि ड्यूटी के समय जोखिम उठाने वालों के लिए यह एक उपाय हो सकता है. उप मुख्यमंत्री ने कहा, ''लेकिन यह चूंकि नीतिगत मसला है ... मैं पहले इस पर मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगा.''
उन्होंने कहा कि ऐसे उपायों से अवांछित तत्वों को रोकने में भी मदद मिलेगी, जो अपने ओहदे का फायदा उठाकर पत्रकारिता के पवित्र पेशे को बदनाम करने की गलत परंपरा डालते हैं. पिछले साल सात अप्रैल को महाराष्ट्र विधानसभा ने पत्रकारों की सुरक्षा से संबंधित देश का पहला कानून पारित किया. इसके तहत पत्रकारों या मीडिया घरानों पर हमलों को गैर जमानती अपराध बनाया गया है. मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की ओर से पेश महाराष्ट्र के उक्त विधेयक को विधानसभा ने बजट सत्र के अंतिम दिन बिना चर्चा के ही पारित कर दिया.
महाराष्ट्र में अब मीडियाकर्मियों पर किसी भी तरह की हिंसा या मीडियाकर्मियों एवं मीडिया संस्थानों की संपत्तियों का नुकसान दंडनीय अपराध हो गया है. पत्रकारों पर हमलों के अधिकांश मामले सामने ही नहीं आते. पिछले साल उत्तर प्रदेश में एक हिन्दी दैनिक के लिए कार्य करने वाले एक पत्रकार की अज्ञात बदमाशों ने बिल्हौर में नगर पालिका बाजार के निकट हत्या कर दी थी. बिल्हौर कानपुर से 60 किलोमीटर दूर है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 23, 2018 12:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

