देश

तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2018: राहुल गांधी ने टीआरएस पर बोला हमला, बताया बीजेपी की B टीम

तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति पर हमले तेज करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को यहां कहा कि यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की ‘बी टीम’ है

तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2018: राहुल गांधी ने टीआरएस पर बोला हमला, बताया बीजेपी की B टीम
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Photo Credits-PTI)

कोसगी: तेलंगाना में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति पर हमले तेज करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को यहां कहा कि यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की ‘बी टीम’ है. यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘टीआरएस, तेलंगाना राष्ट्र समिति नहीं है बल्कि यह तेलंगाना राष्ट्रीय संघ परिवार है. यह संघ और भाजपा की बी टीम है.’’

तेलंगाना में भाजपा और टीआरएस को पछाड़ने के लिए कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ गठबंधन किया है.

इसमें एन चंद्र बाबू नायडू की तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), भाकपा तथा नवगठित तेलंगाना जन समिति (तेजस) शामिल है. राज्य में भाजपा और टीआरएस अलग अलग चुनाव मैदान में हैं. उन्होंने टीआरएस प्रमुख और कार्यवाहक मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर हमला बोलते हुए कहा कि हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ वह मिले हुए हैं. उन्होंने कहा कि दोनों राजनीतिक दल यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अगले साल होने वाले आम चुनाव में भाजपा की हार न हो.

उन्होंने पीएम पर हमला बोलते हुए कहा कि  मोदी जी देश को बांटने का काम करते हैं. देश में नफरत फैलाते हैं और जो उन्होंने देश में किया चाहे वो आदिवासी, अल्पसंख्यकों के खिलाफ हों, वो तेलंगाना के मुख्यमंत्री के बिना नहीं कर सकते थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2018 03:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).