INDIA गठबंधन को झटका! झारखंड में एक भी सीट नहीं मिलने से नाराज CPI ने प्रदेश में  उतारे अपने 4 उम्मीदवार
Credit- Twitter X

रांची: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने झारखंड में इंडिया गठबंधन से नाता तोड़कर चार सीट -- चतरा, लोहरदगा, पलामू और दुमका में अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं. पार्टी की प्रदेश इकाई ने गठबंधन में एक भी सीट नहीं मिलने पर यह फैसला किया.पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर जारी पत्र के अनुसार, पलामू से अभय भुइयां, लोहरदगा से महेंद्र उरांव, चतरा से अर्जुन कुमार और दुमका से राजेश कुमार किस्कू प्रत्याशी बनाए गए हैं.

पार्टी के सचिव महेन्द्र पाठक और पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने बताया कि पार्टी कुछ और सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी और अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी. यह भी पढ़े :Lok Sabha Election 2024: पीएम मोदी के बाद जयशंकर ने कांग्रेस-डीएमके पर बोला हमला, कहा- कच्चाथीवू मुद्दे पर जनता को जवाब दें- VIDEO

पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद कुमार पांडेय ने कहा कि पहले हमारी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा थी, लेकिन अब हम स्वतंत्र रूप से झारखंड के चुनाव मैदान में हैं.हमने गठबंधन के तहत सिर्फ एक सीट हजारीबाग देने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन उन्होंने इसे नहीं माना.हमारी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद ने राज्य कमेटी को इसपर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया था.

हजारीबाग सीट पर सीपीआई के भुवनेश्वर मेहता वर्ष 1991 और 2004 में चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे. इसी आधार पर पार्टी इस सीट पर दावेदारी कर रही थी.

इंडिया गठबंधन में इस बार हजारीबाग सीट कांग्रेस को दी गई है, जहां से मांडू क्षेत्र के विधायक जयप्रकाश भाई पटेल प्रत्याशी बनाए गए हैं. गठबंधन ने राज्य में सीट शेयरिंग का जो फॉर्मूला तैयार किया है, उसमें वामपंथी दलों में मात्र सीपीआई एमएल को कोडरमा की एक सीट दी गई है. इस सीट पर बगोदर क्षेत्र के सीपीआई एमएल विधायक विनोद सिंह प्रत्याशी बनाए गए हैं.