PM Modi on Rahul Gandhi: ‘शहजादे’ ने महाराजाओं का अपमान किया, लेकिन नवाबों-मुगलों और निजामों के अत्याचारों पर चुप हैं, राहुल गांधी पर पीएम मोदी का निशाना
पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर भारत के राजाओं और महाराजाओं का अपमान करने, लेकिन नवाबों, निजामों, सुल्तानों और बादशाहों द्वारा किए गए अत्याचारों पर एक भी शब्द नहीं बोलने का आरोप लगाया.
कर्नाटक, 28 अप्रैल: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारत के राजाओं और महाराजाओं का अपमान करने लेकिन तुष्टीकरण की राजनीति की खातिर नवाबों, निजामों, सुल्तानों और बादशाहों द्वारा किए गए अत्याचारों पर एक भी शब्द नहीं बोलने का आरोप लगाया.
यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने तुष्टीकरण और वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए हमारा इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष लिखा. बल्कि आज भी कांग्रेस के ‘शहजादे’ उस पाप को आगे बढ़ा रहे हैं. आपने कांग्रेस के शहजादे का हालिया बयान सुना होगा - वह कहते हैं कि भारत के राजा और महाराजा अत्याचारी थे.’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (गांधी) राजाओं और महाराजाओं पर लोगों तथा गरीबों की जमीन और संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया...कांग्रेस के शहजादे ने छत्रपति शिवाजी महाराज और कित्तूर की रानी चेन्नम्मा जैसी महान शख्सियतों का अपमान किया है जिनका प्रशासन और देशभक्ति आज भी हमें प्रेरित करता है.’’
भारत के राजा-महाराजाओं को अत्याचारी बताने वाला कांग्रेस के शहजादे का बयान सोच-समझकर वोट बैंक की राजनीति और तुष्टिकरण के लिए दिया गया है। pic.twitter.com/rQMjbaMzbk
— Narendra Modi (@narendramodi) April 28, 2024
मैसुरु के पूर्व शाही परिवार के योगदान को याद करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस के शहजादे ने वोट बैंक की राजनीति और तुष्टीकरण को ध्यान में रखते हुए जानबूझकर ऐसे बयान दिए.’’ उन्होंने कहा कि मैसुरु के पूर्व शाही परिवार का उनके योगदान के लिए आज भी देशभर में सम्मान किया जाता है.
उन्होंने कहा, ‘‘शहजादे ने राजा, महाराजाओं के बारे में बुरा-भला कहा, लेकिन भारत के इतिहास में नवाबों, निजामों, सुल्तानों और बादशाहों ने जो अत्याचार किया, उसके बारे में शहजादे के मुंह पर ताला लग गया.’’ मोदी ने कहा कि राहुल गांधी मुगल शासक औरंगजेब के जुल्मों को याद नहीं रख सकते. उन्होंने कहा, ‘‘उसने (औरंगजेब) हमारे कई मंदिरों को अपवित्र किया और उन्हें ध्वस्त कर दिया. कांग्रेस उन दलों के साथ खुशी-खुशी गठबंधन कर रही है जिन्होंने हमारे धार्मिक स्थानों को नष्ट किया, हत्याओं, गौ हत्या में शामिल रहे. वे उस नवाब को याद नहीं करते जिन्होंने भारत के विभाजन में भूमिका निभायी थी.’’
कर्नाटक में जबसे कांग्रेस सरकार आई है, तबसे पूरे स्टेट में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बहुत खराब है। pic.twitter.com/PNwyukuM9P
— Narendra Modi (@narendramodi) April 28, 2024
उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय बनाने में बनारस के राजा और मंदिरों के पुनर्निर्माण में महारानी अहिल्याबाई होल्कर के योगदानों को भी याद किया.
प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की विचारधारा देश के सामने खुलकर आ गयी है और यह उनके घोषणा पत्र में भी दिखायी देती है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा, बेलगाम (बेलगावी) से पार्टी के उम्मीदवार और पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और चिक्कोडी से उम्मीदवार अन्नासाहेब शंकर जोले इस जनसभा में उपस्थित रहे.
मोदी ने बेलगावी में एक आदिवासी महिला से कथित अत्याचार और चिक्कोडी में एक जैन मुनि की हत्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जब से कांग्रेस कर्नाटक में सत्ता में आयी है, पूरे प्रदेश में कानून व व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गयी है. उन्होंने कहा कि ये घटनाएं शर्मनाक हैं और कर्नाटक के गौरव को कम करती हैं.
हुबली में एक छात्रा नेहा हिरेमथ की हाल में हुई हत्या का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवार ने कार्रवाई की मांग की है लेकिन कांग्रेस सरकार ने तुष्टीकरण को प्राथमिकता दी. उन्होंने कहा, ‘‘उनके लिए नेहा जैसी बेटियों की जिंदगियों की कोई कीमत नहीं है, वे केवल अपने वोट बैंक के बारे में सोचते हैं.’’
मोदी ने कहा कि बेंगलुरु के कैफे में बम विस्फोट के बावजूद कांग्रेस सरकार ने शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया बल्कि उन्होंने इसे सिलेंडर विस्फोट बताया. उन्होंने कहा, ‘‘आप (कांग्रेस) देश के लोगों से झूठ क्यों बोल रहे हैं, अगर आप नहीं कर सकते तो छोड़ दीजिए और घर जाइए.’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस वोटों की खातिर प्रतिबंधित राष्ट्र विरोधी संगठन पीएफआई की मदद ले रही है जो आतंकवाद का समर्थन करता है.
उन्होंने कहा, ‘‘वायनाड में एक सीट जीतने के लिए आप उनके आगे घुटने टेक रहे हैं? भाजपा ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगा दिया और उसके नेताओं को जेल में भेज दिया है.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2024 02:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

