VIDEO: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम पर भड़के संजय राउत, कहा- अब चुनावों की बोली लगती है, सत्ता का हुआ दुरुपयोग
महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों में महायुति की धमाकेदार जीत हुई है, वहीं विपक्ष में कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और अन्य दलों को करारी हार का सामना करना पड़ा है
Maharashtra Local Body Election Results 2025: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों में महायुति की धमाकेदार जीत हुई है, वहीं विपक्ष में कांग्रेस, शिवसेना (UBT) और अन्य दलों को करारी हार का सामना करना पड़ा है. परिणाम सामने आने के बाद अलग–अलग नेताओं की प्रतिक्रियाएँ लगातार आ रही हैं. यह भी पढ़े: महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2025 के परिणाम घोषित, प्रदेश में महायुति की बड़ी जीत, सीएम फडणवीस-शिंदे ने जनता का जताया आभार
संजय राउत ने लगाया गंभीर आरोप
स्थानीय निकाय चुनावों पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने चुनावी प्रक्रिया पर कड़े सवाल उठाए हैं. मीडिया से बातचीत में राउत ने कहा: “आजकल चुनाव, चुनाव की तरह नहीं होते, उनकी बोली लगती है. चुनाव होने ही नहीं चाहिए. पैसे का बेहिसाब इस्तेमाल हुआ, वोट खरीदे गए और सत्ता का दुरुपयोग किया गया. यह पहली बार है जब मैंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को स्थानीय निकाय चुनावों के लिए प्रचार करते देखा… जिस नगर पालिका का बजट 30 करोड़ है, वहां प्रचार में करीब 150 करोड़ रुपये खर्च हुए.
चुनाव परिणाम पर संजय राउत का प्रतिक्रिया
शायना एनसी ने महायुति की जीत को बताया ऐतिहासिक
दूसरी ओर, शिवसेना नेता शायना एनसी ने महायुति की जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा:
“2017 के लोकल बॉडी चुनावों में शिवसेना के पास सिर्फ 27 महापौर थे। आज 2025 में हम 60 जगहों पर जीतकर आए हैं. इसका श्रेय हम अपने नेता एकनाथ शिंदे को देते हैं. जनता ने साबित किया है कि यही सच्ची शिवसेना है। जो लोग घर से राजनीति करते हैं, उन्हें जनता ने घर बिठा दिया.
फडणवीस ने जीत पर जताई खुशी
महाराष्ट्र में आए चुनावी नतीजों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जीत पर खुशी व्यक्त की. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा मैं महाराष्ट्र के लोगों का धन्यवाद करता हूं. जनता ने भाजपा और महायुति को भारी समर्थन दिया है. मैंने पहले ही कहा था कि 75% नगर परिषद अध्यक्ष महायुति के होंगे और जनता ने वही फैसला दिया है. अब तक भाजपा के लगभग 129 नगर परिषद अध्यक्ष चुने जा चुके हैं. इससे साफ है कि भाजपा नंबर वन पार्टी है.
महायुति का 215 सीटों पर कब्जा
महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में महायुति को कुल 215 सीटों पर जीत हासिल हुई है। इसमें सबसे ज्यादा सीटें भाजपा ने 129 सीटें जीतकर हासिल की हैं. वहीं, एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना ने 51 और अजित पवार की पार्टी NCP ने 35 निकायों में सफलता पाई।
MVA के पास केवल 51 सीटें
विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) केवल 51 निकायों तक ही सीमित रही। इसमें कांग्रेस ने 35, उद्धव सेना ने 9 और शरद पवार की NCP ने 7 निकायों में जीत दर्ज की. स्थानीय निकाय चुनावों के बाद महाराष्ट्र में बीएमसी सहित 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव 15 जनवरी को होने वाले हैं, जो विपक्ष के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होंगे.