देश

जर्मनी में राहुल गांधी के IS वाले बयान पर बीजेपी का पलटवार, कहा- विदेश में भारत की छवि बिगाड़ी

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी जी ने पुन: राहुल गांधी जैसा व्यवहार किया है. राहुल गांधी ने जर्मनी के भाषण में हिंदुस्तान को तुच्छ दिखाने की कोशिश की

जर्मनी में राहुल गांधी के IS वाले बयान पर बीजेपी का पलटवार, कहा- विदेश में भारत की छवि बिगाड़ी
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (File Photo)

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जर्मनी के हैम्बर्ग स्थित बुसेरियर समर स्कूल में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए. इस दौरान राहुल गांधी ने देश में मॉब लिंचिंग, रोजगार, जीएसटी और नोटबंदी जैसे मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा. देश की मौजूदा स्थिति के बारे में राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार जिस तरह शासन कर रही है, उससे देश में हिंसा और नफरत का माहौल बना हुआ है. राहुल गांधी ने इस दौरान इस्लामिक स्टेट (आईएस) का उदाहरण भी दिया था.

राहुल के इस बयान पर अब भारतीय जनता पार्टी की ओर से जवाबी हमला किया गया है. बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी जी ने फिर राहुल गांधी जैसा व्यवहार किया है. राहुल गांधी ने जर्मनी के भाषण में हिंदुस्तान को निचा दिखाने की कोशिश की. संबित पात्रा ने आगे कहा कि राहुल जी आलू-बर्गर जैसे विषय पर आपके बयान पर हम कुछ नहीं कहते, मगर आपने जो जर्मनी में बयान दिया है, उस पर सफाई मांग रहे हैं. उन्होंने कहा कि बुधवार को राहुल गांधी जी ने अल्पसंख्यकों को नौकरी ना मिलने पर आतंकवाद और इस्लामिक स्टेट को सही ठहराने की जो कोशिश की वो गलत भयावह है. अल्पसंख्यकों को नौकरी नहीं मिलेगी तो विजन आईएसआईएस देगा देश में? राहुल जी आपको सफाई देनी होगी.

संबित पात्रा ने कांग्रेस के 70 साल के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि 70 साल के कार्यकाल में आपके परिवार ने देश को कोई विजन नहीं दिया. संबित ने कहा कि राहुल गांधी ने जितने भी आरोप लगाए हैं, वह सभी झूठ पर टिके हैं.

संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर विदेश जाकर भारत की छवि ख़राब करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राहुल ने ऐसा कोई मौका नहीं छोड़ा जिससे हिंदुस्तान को कम से कम आंका जाए और एक तुच्छ देश के तौर पर देखा जाए. बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राहुल ने झूठे और गलत तथ्यों पर आधारित भाषण दिया. उन्होंने विदेश में जाकर भारत के संसद का अपमान किया.

इस दौरान संबित पात्रा ने नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तानी आर्मी चीफ से गले मिलने पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चाइना-चाइना और नवजोत सिंह सिद्धू पाकिस्तान-पाकिस्तान करते रहते हैं, कांग्रेस पार्टी में कोई हिंदुस्तान-हिंदुस्तान करने वाला है कि नहीं.

राहुल गांधी द्वारा महिलाओं के बारे में दिए गए बयान की निंदा करते हुए संबित ने कहा कि महिलाओ के बारे में जो भी उन्होंने कहा उसके लिए माफी मांगीं चाहिए. आप मानसिकता की बात कर सकते थे लेकिन संस्कृति की बात कर आपने भारत को कम आंकने की कोशिश की. आपकी मां 19 साल तक पार्टी की अध्यक्ष रहीं, क्या देश में संस्कृति नही है? बता दें कि अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि इंडियन संस्कृति की वजह से महिलाओ के साथ गड़बड़ी हो रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2018 02:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).