देश

पुडुचेरी चुनाव में 2 तिहाई बहुमत से सरकार बना सकती है NDA: सर्वे

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से छह अप्रैल को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने की संभावना है.

पुडुचेरी चुनाव में 2 तिहाई बहुमत से सरकार बना सकती है NDA: सर्वे
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Facebook)

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से छह अप्रैल को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने की संभावना है. आईएएनएस सी-वोटर ओपिनियन पोल में यह अनुमान लगाया गया है. पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर 1,600 से अधिक लोगों से बातचीत के आधार पर सर्वेक्षण के निष्कर्ष निकाले गए हैं.

सर्वे में सामने आया है कि राजग विधानसभा चुनावों में 17 से 21 सीटों पर जीत दर्ज कर सकता है. चुनाव के नतीजे 2 मई को आएंगे. गठबंधन ने 2016 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में 12 सीटें जीती थीं.

कांग्रेस पार्टी, जो द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के साथ केंद्र शासित प्रदेश में सत्ता में है, वह इस बार केवल 10 सीटों पर सिमट सकती है. सर्वे में पता चला है कि कांग्रेस की अगुवाई वाले गठबंधन को 8 से 11 सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद है.

अन्य को 1 सीट मिलने की उम्मीद है. कांग्रेस ने द्रमुक के साथ मिलकर 2016 में 33 विधानसभा सीटों में से 17 पर जीत दर्ज की थी.

सीटों के साथ ही पुडुचेरी में वोट शेयर भी बदलने का अनुमान है, क्योंकि ऐसा अनुमान है कि राजग इस बार 45.8 प्रतिशत वोट हासिल करेगा. भगवा पार्टी ने 2016 में 30.5 प्रतिशत वोट हासिल किए थे और इस बार उसके वोट शेयर में 15.3 प्रतिशत की वृद्धि की संभावना है.

इस बीच कांग्रेस गठबंधन को इस बार 3.3 प्रतिशत कम वोट मिलने की उम्मीद है. इस बार उसे 36.2 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं, जबकि पिछली बार 2016 में इसे 39.5 प्रतिशत वोट मिले थे.

पुडुचेरी में फिलहाल राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है. 24 फरवरी को केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से पुडुचेरी राज्यपाल द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाया गया है.

कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने विश्वास मत खोने के बाद यह प्रक्रिया अमल में लाई गई थी.

कांग्रेस की अगुवाई वाला संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) पिछले विधानसभा चुनावों में सत्ता में आया था, जिसमें कांग्रेस पार्टी ने 15 सीटें जीती थीं.

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने बहुमत साबित करने के लिए सोमवार को फ्लोर टेस्ट से पहले इस्तीफा दे दिया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 27, 2021 11:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).