एजेंसी न्यूज

कानपुर एनकाउंटर को लेकर राहुल गांधी ने योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- यूपी में गुंडाराज, पुलिस भी सुरक्षित नहीं

कानपुर में अपराधियों के साथ मुठभेड़ में एक पुलिस उप अधीक्षक समेत आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गयी है और आठ पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं, जबकि दो अपराधी भी इस दौरान मारे गए.

कानपुर एनकाउंटर को लेकर राहुल गांधी ने योगी सरकार पर साधा निशाना, कहा- यूपी में गुंडाराज, पुलिस भी सुरक्षित नहीं
राहुल गांधी (Photo Credits: PTI)

लखनऊ: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) में अपराधियों के साथ मुठभेड़ (Encounter) में आठ पुलिसकर्मियों की मौत की घटना को राज्य में ‘गुंडाराज’ होने का प्रमाण करार देते हुए शुक्रवार को सवाल किया कि जब पुलिस सुरक्षित नहीं है तो जनता कैसे होगी. पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस मामले को लेकर आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं और आम लोग एवं पुलिस सुरक्षित नहीं हैं. उत्तर प्रदेश: मेरठ में शादी से दो दिन पहले 19 साल की लड़की और उसके परिजनों पर व्यक्ति ने की गोलीबारी, पीड़िता की मौके पर हुई मौत

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘ उत्तर प्रदेश में गुंडाराज का एक और प्रमाण. जब पुलिस सुरक्षित नहीं, तो जनता कैसे होगी?’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरी शोक संवेदनाएं मारे गए वीर शहीदों के परिवारजनों के साथ हैं और मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’’

यह भी पढ़े- कानपुर में हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, 8 पुलिसकर्मी शहीद- STF ने संभाला मोर्चा

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने ट्वीट किया, ‘‘ बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिसमें उप्र पुलिस के एसओ सहित 8 जवान शहीद हो गए. इन शहीदों के परिजनों के साथ मेरी शोक संवेदनाएं.’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यूपी में कानून व्यवस्था बेहद बिगड़ चुकी है, अपराधी बेखौफ हैं. आमजन व पुलिस तक सुरक्षित नहीं है.’’

प्रियंका ने कहा, ‘‘कानून व्यवस्था का जिम्मा खुद मुख्यमंत्री के पास है. इतनी भयावह घटना के बाद उन्हें सख़्त कार्यवाही करनी चाहिए. कोई भी ढिलाई नहीं होनी चाहिए.’’

गौरतलब है कि कानपुर में अपराधियों के साथ मुठभेड़ में एक पुलिस उप अधीक्षक समेत आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गयी है और आठ पुलिस कर्मी घायल हो गए हैं, जबकि दो अपराधी भी इस दौरान मारे गए. पुलिस ने बताया कि यह मुठभेड़ उस वक्त हुई जब पुलिस की एक टीम अपराधी विकास दुबे को पकड़ने के लिए बृहस्पतिवार देर रात चौबेपुर थाने के दिकरू गांव गयी. दुबे के खिलाफ 60 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2020 11:23 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).