बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार का विवादित बयान, कहा- पीएम नरेंद्र मोदी के मुकाबले बच्ची हैं प्रियंका गांधी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता व बिहार सरकार में मंत्री प्रमोद कुमार ने रविवार को कहा कि नवनियुक्त कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा अभी 'बच्ची' हैं. एक दिन पहले ही अन्य भाजपा नेता व बिहार के मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा था कि प्रियंका बहुत सुंदर हैं लेकिन उनके पास कोई अन्य प्रतिभा नहीं है.
पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) (BJP) के नेता व बिहार सरकार (Bihar Government) में मंत्री प्रमोद कुमार (Pramod Kumar) ने रविवार को कहा कि नवनियुक्त कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) अभी 'बच्ची' हैं. एक दिन पहले ही अन्य भाजपा नेता व बिहार के मंत्री विनोद नारायण झा ने कहा था कि प्रियंका बहुत सुंदर हैं लेकिन उनके पास कोई अन्य प्रतिभा नहीं है. बिहार सरकार में पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा, "प्रियंका अभी बच्ची हैं. अगर कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिस्पर्धा करना चाहती है तो उसे सोनिया गांधी को मैदान में उतारना चाहिए."
कुमार ने कहा कि अब कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता प्रियंका में इंदिरा गांधी की छवि देख रहे हैं और पहले वे सोनिया गांधी में इंदिरा गांधी की छवि देखा करते थे. उन्होंने कहा, "कांग्रेस को चुनावों में मोदी के खिलाफ सोनिया को उतारना चाहिए क्योंकि उनकी उम्र मोदी की उम्र के करीब है। लेकिन, प्रियंका अभी बच्ची हैं."
पिछले गुरुवार झा ने कहा था, "प्रियंका गांधी बहुत सुंदर हैं लेकिन उनके पास कोई अन्य प्रतिभा नहीं है. वह राजनीति में नौसिखिया हैं. उनकी उम्र 37-38 होगी या इससे ज्यादा 44 हो सकती है. इतनी उम्र तक उन्होंने कोई राजनीतिक उपल्बधि हासिल नहीं की है. हां, वह बहुत सुंदर हैं, भगवान ने उन्हें यह दिया है, लेकिन वह इसका कितना फायदा उठा सकती हैं?" यह भी पढ़ें: भगवान ने प्रियंका गांधी को इतना सुंदर बनाया कि उनके चेहरे से झलकती है मानवता: सज्जन सिंह वर्मा
इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) के नेताओं ने प्रियंका गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए झा पर हमला बोला और उनसे माफी की मांग की.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 27, 2019 09:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

