Gujarat Election 2022: पीएम मोदी पर चुनाव प्रचार में बच्चों के इस्तेमाल का आरोप, कांग्रेस ने चुनाव आयोग से की शिकायत
कांग्रेस ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गुजरात विधान सभा चुनाव के दौरान चुनाव और राजनीतिक अभियान के लिए नाबालिग बच्चों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है.
नई दिल्ली, 25 नवंबर: गुजरात चुनाव प्रचार अपने पूरे चरम पर है. इसी बीच कांग्रेस ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गुजरात विधान सभा चुनाव के दौरान चुनाव और राजनीतिक अभियान के लिए नाबालिग बच्चों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है. इसको लेकर सलमान खुर्शीद के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को चुनाव आयोग से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है. ये भी पढ़ें- केजरीवाल के मंत्री का जेल में मसाज, रेपिस्ट को बना दिया थेरेपिस्ट: BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा
आयोग से मिलकर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि हमारी जानकारी में आया है कि छोटे बच्चों को चुनाव प्रचार में लाया जा रहा है और उनको विशेष पार्टी के वस्त्र पहनाकर बच्चों से कहा जा रहा है कि यहाँ पर प्रचार करिए. ये भाजपा कर रही है, हम उसका विरोध करते हैं. खुर्शीद ने कहा कि इस बात पर बहुत स्पष्ट आदेश इलेक्शन कमीशन दे चुका है और चाइल्ड वेलफेयर, नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स ने भी इस पर बड़ी स्पष्ट अपनी बात कही हुई है कि बच्चों को प्रचार में नहीं डालना चाहिए. इसमें कोई साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि भारत के प्रधानमंत्री महोदय स्वयं हैं.
वहीं कांग्रेस नेत्री और सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि यह बहुत गंभीर मुद्दा है. एक तरफ हम लोग चाइल्ड प्रोटेक्शन की बात करते हैं, दूसरी तरफ हमारे प्रधानमंत्री जिनकी जिम्मेदारी है, पूरे देश को प्रोटेक्शन देने की, खासकर बच्चों को प्रोटेक्शन देने की वो बाकायदा एक छोटी बच्ची से प्रचार करवा रहे हैं.
दरअसल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में प्रचार करने गए थे. उसी दौरान का एक वीडियो भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हेंडिल पर साझा किया है, जिसमें एक नाबालिक बच्ची भाजपा के पक्ष में बोलती हुई भी दिखाई दे रही है. आरोप लगाया गया है कि बच्ची से चुनाव प्रचार करवाकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब ये देखना है कि इलेक्शन कमीशन के अलावा हमारा जो नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स है, क्या नोटिस लेता है और इस पर क्या प्रक्रिया होती है और इस पर क्या एक्शन लिया जाता है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 25, 2022 10:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

