राजनीति

पाकिस्तान ने की भारतीय कार्रवाई का जवाब देने की बात

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने समाचार एजेंसी एएफपी से कहा कि जवाबी कार्रवाई "शुरू" हो चुकी है.

पाकिस्तान ने की भारतीय कार्रवाई का जवाब देने की बात
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने समाचार एजेंसी एएफपी से कहा कि जवाबी कार्रवाई "शुरू" हो चुकी है.पाकिस्तान ने भारत के हवाई हमलों का कड़ा जबाव देने का एलान किया है. बुधवार को पाकिस्तानी सेना ने कहा कि वो जवाब देंगे और अब "समय, जगह और तरीका खुद चुनेंगे."

पाकिस्तानी सेना और रक्षा मंत्रालय के इन बयानों के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी कड़ा जवाब देने की बात कही. शहबाज शरीफ ने कहा, "पाकिस्तान को भारत द्वारा थोपे गए युद्ध के इस कृत्य का कड़ा जवाब देने का पूरा अधिकार है और वास्तव में कड़ा जवाब दिया जा रहा है."

भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा पर लगातार फायरिंग चल रही है. भारत का आरोप है कि पाकिस्तान की गोली बारी में भारतीय कश्मीर में तीन आम नागरिकों की मौत हुई है.

पाकिस्तान के भारत पर आरोप

पाकिस्तान की सेना ने दावा किया है कि भारत ने उसके पनबिजली संयंत्र को भी निशाना बनाया है. मंगलवार देर रात हुए भारतीय सेना के हमलों के कई घंटे बाद बुधवार को पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता अहमद शरीफ चौधरी ने कहा, "भारत ने नीलम झेलम हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को भी निशाना बनाया है."

ये हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में है. पाकिस्तानी सेना के मुताबिक, भारत ने नौसेरी डैम पर हमला किया. चौधरी ने नई दिल्ली पर आरोप लगाते हुए कहा, "कौन सा अंतरराष्ट्रीय नियम और युद्ध कानून या परंपरा आपको ये करने देती है कि आप दूसरे देश के जलाशयों, बांधों और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट ढांचों को निशाना बनाएं?"

मीडिया ब्रीफिंग में पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता चौधरी ने कहा, "हाइड्रो ढांचों को निशाना बनाना एक अस्वीकार्य और खतरनाक भड़कावा है. क्या हिंदुस्तान, पाकिस्तान की आवाम के पानी को नुकसान पहुंचाना चाहता है? क्या वो जानता है कि इसके क्या नतीजे होंगे?"

भारत ने पाकिस्तान के इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

भारत के दावे

भारत ने दावा किया है कि उसने मंगलवार आधी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में नौ ठिकानों पर मिसाइल हमले किए हैं. नई दिल्ली ने इन हमलों को "आतंकवादी गतिविधियों" से जुड़े ठिकानों पर हमला बताया है.

भारतीय सेना में कर्नल सोफिया कुरैशी ने इस हमलों के बारे में जानकारी देने के लिए नई दिल्ली में बुलाई गई प्रेस ब्रीफिंग में कहा, "पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए मासूम नागरिकों और उनके परिवारों को न्याय देने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया गया था. इस कार्रवाई में नौ आतंकवादी शिविरों को टारगेट किया गया और उन्हें पूरी तरह से बर्बाद किया गया."

भारत ने दावा किया है कि उसकी सैन्य कार्रवाई में ना तो पाकिस्तान के आम नागरिकों को निशाना बनाया गया है और ना ही पाकिस्तानी सेना पर कोई हमला किया गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2025 06:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).