लोकसभा चुनाव 2019: इस तारीख से पहले होगी NDA के उम्मीदवारों की घोषणा
सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अब नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है और आगामी 24 मार्च से पहले निश्चित रूप से हम लोग उम्मीदवारों की घोषणा कर देंगे.
पटना: जदयू की बिहार इकाई के अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने गुरूवार को कहा कि राजग के उम्मीदवारों की घोषणा 24 मार्च के पहले कर दी जाएगी. सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अब नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है और आगामी 24 मार्च से पहले निश्चित रूप से हम लोग उम्मीदवारों की घोषणा कर देंगे. NDA के घटक दलों (भाजपा, जदयू और लोजपा) द्वारा बिहार में 22 मार्च को उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की चर्चा के बारे में पूछे जाने पर वशिष्ठ ने कहा कि 22 तारीख की बात नहीं थी . होली के बाद कहा था जिसका लोगों ने गलत आकलन कर लिया. बिहार में NDA के तीनों घटक भाजपा, जदयू और लोजपा ने राज्य की सभी 40 लोकसभा सीटों में से कौन घटक दल कहां से अपने उम्मीदवार उतारेंगे, की गत 17 मार्च को घोषणा कर दी थी.
बिहार भाजपा प्रमुख नित्यानंद राय, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह और लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने जदयू कार्यालय में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की थी. NDA के इन तीन दलों के बीच पहले ही एक समझौता हो चुका है, जिसके अनुसार भाजपा और जदयू 17—17 सीटों पर जबकि लोजपा छह सीट पर चुनाव लड़ेंगे.
भाजपा जिन 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी उसमें पश्चिम चंपारण (बेतिया), पुर्वी चंपारण (मोतिहारी), मुजफ्फरपुर, सारण, महराजगंज, शिवहर, मधुबनी , दरभंगा, उजियारपुर, बेगूसराय, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, औरंगाबाद और अररिया शामिल हैं. जदयू द्वारा लडी जाने वाली लोकसभा सीटों में वाल्मीकिनगर, सीवान, गोपालगंज, जहानाबाद, गया, काराकट, मधेपुरा, सुपौल, झंझारपुर, सीतामढ़ी, पूर्णिया, किशनगंज, बांका, भागलपुर, मुंगेर, नालंदा और कटिहार शामिल हैं.
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा जिन छह लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी उनमें हाजीपुर, समस्तीपुर, जमुई, नवादा, खगड़िया और वैशाली शामिल हैं.
बिहार में विपक्षी महागठबंधन जिसमें राजद, कांग्रेस, रालोसपा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) सेक्युलर, शरद यादव की पार्टी लोकतांत्रिक जनता दल, बॉलीवुड सेट डिजाइनर मुके सहनी की पार्टी शामिल हैं द्वारा अभी तक अपने सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं की जा सकी है.
महागठबंधन के घटक दलों के साथ कई दिनों चर्चा करने के बाद कल नई दिल्ली से लौटे राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा था कि होली के बाद सीटों की घोषणा कर दी जाएगी जबकि शरद यादव ने नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा था कि महागठबंधन के घटक दल आगामी 22 मार्च को पटना में संवाददाता सम्मेलन के दौरान उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 21, 2019 01:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

