लोकसभा चुनाव 2019: मध्यप्रदेश में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मतदान जारी

मध्य प्रदेश के तीसरे चरण में आठ संसदीय क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मतदान जारी है...

मतदान (Photo Credit-IANS)

भोपाल:  मध्य प्रदेश के तीसरे चरण में आठ संसदीय क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच मतदान जारी है. इस चरण में कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नरेंद्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar) और साध्वी प्रज्ञा ठाकुर (Sadhvi Pragya Singh Thakur) आदि के किस्मत का फैसला होने वाला है. राज्य के आठ संसदीय क्षेत्रों मुरैना, भिंड (आरक्षित), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल एवं राजगढ़ में मतदान प्रात: सात बजे से मतदान शुरू हो गया, यह शाम छह बजे तक चलेगा.

सुबह से ही मतदान केंद्रों में मतदाताओं लंबी की कतारें नजर आ रही हैं. वहीं, कई स्थानों से ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें आ रही है. सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 85 कंपनियां, राज्य सशस्त्र पुलिस बल की 30 कंपनियां तैनात की गई हैं. राज्य पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सहित कुल 45 हजार 53 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है.

यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव 2019: बिहार में कड़ी सुरक्षा के बीच छठे चरण के लिए मतदान जारी

बताया गया है कि इस चरण में कुल 138 उम्मीदवार मैदान में है, इनमें 14 महिला उम्मीदवार हैं. एक करोड़ 44 लाख से ज्यादा मतदाता इन उम्मीदवारों का फैसला करेंगे. इस चरण में होने वाले चुनाव में अधिकांश सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है. राजधानी भोपाल में कांग्रेस के दिग्विजय िंसह का मुकाबला भाजपा की साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से है, वहीं गुना में कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने भाजपा के के. पी. यादव है. ग्वालियर में कांग्रेस के अशोक सिंह के सामने भाजपा के विवेक शेजवलकर हैं.

इसी तरह मुरैना में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का मुकाबला कांग्रेस के राम निवास रावत से है. राजगढ़ में कांग्रेस की मोना सुस्तानी का मुकाबला भाजपा के रोडमल नागर से है. विदिशा में भाजपा के रमाकांत भार्गव के सामने कांग्रेस ने शैलेंद्र पटेल पर दांव लगाया है. भिंड और सागर संसदीय सीटों पर मुकाबला नए चेहरों के बीच है. भिंड से भाजपा ने संध्या राय और कांग्रेस ने देवाशीष जरारिया को मैदान में उतारा है. वहीं, सागर में भाजपा के राजबहादुर सिंह का मुकाबला कांग्रेस के प्रभु सिंह ठाकुर से है.

Share Now