देश

लोकसभा चुनाव 2019: उमा भारती का विवादित बयान, प्रियंका गांधी को बताया 'चोर की पत्नी'

प्रियंका गांधी के वाराणसी से चुनाव लड़ने के सवाल पर उमा भारती ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में कोई भी कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है.

लोकसभा चुनाव 2019: उमा भारती का विवादित बयान, प्रियंका गांधी को बताया 'चोर की पत्नी'
केंद्रीय मंत्री उमा भारती (Photo Credits: PTI)

केंद्रीय मंत्री उमा भारती (Uma Bharti) ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को लेकर विवादित बयान दिया है. दरअसल, छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दुर्ग (Durg) लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान जब पत्रकारों ने प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने और सक्रिय राजनीति में आने को लेकर उमा भारती से सवाल किया तब उन्होंने कहा, 'जिसका पति चोरी के आरोप में हो, उसको तो लोग किस नजर से... चोर की पत्नी को किस नजर से देखा जाता है, हिन्दुस्तान उसी नजर से देखेगा उनको.' प्रियंका गांधी के वाराणसी (Varanasi) से चुनाव लड़ने के सवाल पर उमा भारती ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में कोई भी कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है.

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दो लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने को लेकर भी उमा भारती ने कहा कि वह अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष है. वह कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं. पर अमेठी की जो रिपोर्ट सामने आई है उसको आधार बनाकर राहुल गांधी ने दो सीट से लड़ने का फैसला लिया है. मतलब यह है कि उन्होंने अमेठी से पहले ही अपनी हार मान ली है. यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019: भोपाल सीट पर दिग्विजय सिंह के खिलाफ उमा भारती को मैदान में लाने की तैयारी

उमा भारती ने चुनाव आयोग द्वारा योगी आदित्यनाथ और आजम खान के खिलाफ की गई कार्रवाई के संबंध में कहा कि आयोग ने योगी जी और आजम खान को एक जैसा दंड सुनाया है. जबकि दोनों के अपराध में बहुत बड़ा अंतर है. उन्होंने कहा कि एक का तो मामला इतना है कि मायावती जी ने कुछ कहा और उसकी प्रतिक्रिया में योगी जी ने कुछ कहा. उन्होंने भगवान का नाम लिया. किसी महिला का या किसी का अपमान नहीं किया. लेकिन जो समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने किया है. उनके हिसाब से तो उन पर जो कार्रवाई होनी चाहिए वह सिर्फ बोलती बंद कर देनी की नहीं होनी चाहिए. बल्कि भारतीय दंड प्रक्रियाओं के अंतर्गत भारत की महिलाओं के अपमान करने के जितने भी कायदे कानून होते हैं वह सब उनपर लागू होने चाहिए. उनको अयोग्य ठहराया जाना चाहिए.

भाषा इनपुट

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2019 08:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).