देश

लोकसभा चुनाव 2019: स्मृति ईरानी आज अमेठी सीट से दाखिल करेंगी नामांकन, सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे मौजूद

स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी बुधवार को नामांकन भरने आए तो यहां के लोगों से नहीं मिले, पीठ दिखाकर वापस चले गए.

लोकसभा चुनाव 2019: स्मृति ईरानी आज अमेठी सीट से दाखिल करेंगी नामांकन, सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे मौजूद
स्मृति ईरानी (Photo Credits: PTI)

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी (BJP) उम्मीदवार स्मृति ईरानी (Smriti Irani) गुरुवार को अमेठी (Amethi) लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी. इस मौके पर उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) मौजूद रहेंगे. नामांकन पत्र सौंपने के अवसर पर वीवीआईपी लोगों की उपस्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं. स्मृति ईरानी ने बुधवार को अमेठी में व्यापारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस (Congress) पर निशाना साधा और कहा कि देश को खंडित करने और समाज को विखंडित करने का सपना देखने वालों को अपना समर्थन ना दें. इससे देश कमजोर हो जाएगा. उन्होंने कहा कि मुझे अमेठी ने एक प्रत्याशी नहीं बल्कि दीदी के रूप में सम्मान दिया है. मैं अमेठी की सेवा अपना परम धर्म समझती हूं. कांग्रेस से आप सबको सावधान रहने की जरूरत है.

स्मृति ने कटाक्ष किया कि बुधवार को राहुल गांधी अपने बहनोई रॉबर्ट वाड्रा को लेकर अमेठी पर्चा भरने आए थे. ''मैंने कल ही पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा था कि दामाद जी यदि अमेठी आ रहे हैं तो अमेठी के किसानों को अपनी जमीन की रक्षा करने के लिए तैयार हो जाना चाहिए.'' उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार में डूबे व्यक्ति को साथ लेकर चलने वाले और जमानत पर रहने वाले लोग भी सेना की कार्रवाई का हिसाब मांगते हैं. अमेठी को सिंगापुर बनाने की बात यहां के लापता सांसद करते थे. सिंगापुर तो नहीं बनाया लेकिन अपमान खूब किया.’’ यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019: राहुल गांधी ने दो घंटे रोड शो के बाद अमेठी से किया नामांकन

स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल बुधवार को नामांकन भरने आए तो यहां के लोगों से नहीं मिले, पीठ दिखाकर वापस चले गए. वह यहां से जीतने के बाद वायनाड (पर्चा दाखिल करने) चले गए जबकि ''मैं हारने के बाद भी अमेठी के लोगों की सेवा कर रही हूं.'' अमेठी में पांचवे चरण में 6 मई को मतदान होना है. ईरानी का अमेठी सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सीधा मुकाबला है. राहुल ने बुधवार को ही नामांकन पत्र दाखिल कर दिया. इससे पहले साल 2014 के लोकसभा चुनाव में ईरानी को राहुल के हाथ पराजय का सामना करना पड़ा था.

भाषा इनपुट

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2019 09:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).