लोकसभा चुनाव 2019: पीएम मोदी आज झारखंड में करेंगे चुनाव प्रचार का आगाज, रांची में करेंगे रोड शो

झारखंड में चार दौर में 14 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होने हैं.

पीएम मोदी (फाइल फोटो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज शाम साढ़े छह बजे रांची (Ranchi) में बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से बिरसा चौक तक लगभग ढाई किलोमीटर का रोड शो (Road Show) करने के साथ ही झारखंड (Jharkhand) में लोकसभा चुनावों के लिए अपने प्रचार का शुभारंभ करेंगे. भाजपा (BJP) के प्रदेश संगठन महामंत्री दीपक प्रकाश ने आज यहां बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शाम को यहां विशेष विमान से पहुंचेंगे और वह साढ़े छह बजे से साढ़े सात बजे तक लगभग एक घंटे का रोड शो करेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी गाड़ी में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए हवाई अड्डे से हीनू चौक होते हुए लगभग ढाई किलोमीटर का मार्ग तय कर बिरसा चौक पहुंचेंगे. वहां वह बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और राज्य में लोकसभा चुनावों के लिए वह अपने प्रचार का आगाज करेंगे.

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए हवाई अड्डा जाने वाले प्रमुख मार्गों को शाम साढ़े पांच बजे से शाम साढ़े सात बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गयी है. प्रधानमंत्री के रोड शो की तैयारी का जायजा कल स्वयं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लिया और वह अधिकारियों की पूरी टीम और भाजपा के पदाधिकारियों के साथ देर रात्रि तक पूरे इलाके का भ्रमण करते रहे. समझा जाता है कि सुरक्षा कारणों के चलते एवं लोगों की असुविधा का ध्यान रखते हुए प्रधानमंत्री का रोड शो शहर के मध्य कहीं नहीं रखा गया है. प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर यहां लोगों में भारी उत्साह और उत्सुकता देखी जा रही है.

प्रधानमंत्री रात्रि विश्राम यहां राजभवन में करेंगे और बृहस्पतिवार को सुबह ग्यारह बजे लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री रांची में भाजपा के उम्मीदवार संजय सेठ और लोहरदगा में आदिवासी मामलों के केन्द्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत के लिए प्रचार करेंगे. रांची में भाजपा की ओर से इस बार खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ चुनाव मैदान में हैं. उनके खिलाफ कांग्रेस, झारखंड विकास मोर्चा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के महागठबंधन की ओर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय चुनाव मैदान में हैं. लोहरदगा में केन्द्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत के खिलाफ महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के सुखदेव भगत चुनाव मैदान में हैं. सुदर्शन भगत तीसरी बार लोकसभा का चुनाव अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित इस क्षेत्र से लड़ रहे हैं.

इससे पूर्व भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 27 अप्रैल को पार्टी के निवर्तमान सांसद सुनील सिंह के लिए चुनाव रैली संबोधित करेंगे. आज ही केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह पलामू, चतरा और हजारीबाग में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे जहां से क्रमशः वीडी राम, सुनील सिंह और केन्द्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा चुनाव लड़ रहे हैं. राज्य में चार दौर में 14 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होने हैं. 29 अप्रैल को पहले चरण में यहां लोहरदगा, चतरा और पलामू के लिए मतदान होगा. पलामू से भाजपा की ओर से निवर्तमान सांसद पूर्व पुलिस महानिदेशक वीडी राम फिर से चुनाव लड़ रहे हैं. यह भी पढ़ें- शिवसेना नेता संजय राउत की भविष्यवाणी, कहा- किसी एक पार्टी को नहीं मिलेगा बहुमत, NDA की बनेगी सरकार

दूसरे दौर में छह मई को झारखंड की राजधानी रांची की प्रतिष्ठापरक लोकसभा सीट के साथ कोडरमा, अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित खूंटी और हजारीबाग सीटों के लिए मतदान होगा. महागठबंधन की ओर से राजद के घूरन राम पलामू में वीडी राम के खिलाफ मैदान में हैं जबकि चतरा में कांग्रेस के विधायक मनोज यादव महागठबंधन की ओर से चुनाव मैदान में है. महागठबंधन से विद्रोह कर राजद ने यहां से भी अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारा है और उसकी ओर से सुभाष यादव यहां से चुनाव लड़ रहे हैं.

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 2nd T20I Match Scorecard: रांची में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने 250 रनों का विशाल लक्ष्य रखा, संजू सैमसन ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 2nd T20I Match Live Score Update: रांची में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का दूसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

India vs West Indies, 2nd T20I Live Toss And Scorecard: रांची में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? रांची में भारत बनाम वेस्टइंडीज के दूसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट