लोकसभा चुनाव 2019: पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान नक्सल प्रभावित बस्तर में 3 अप्रैल को करेंगे रैली
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) तीन अप्रैल को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे...
रायपुर: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) तीन अप्रैल को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को यहां बताया कि बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन अप्रैल को बस्तर के सुकमा और कोण्डागांव में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे.
बीजेपी नेताओं ने बताया कि चौहान तीन अप्रैल को सुबह करीब साढ़े दस बजे रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डे से सुकमा के लिए रवाना होंगे, जहां वह आमसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद वह दोपहर एक बजे कोण्डागांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और फिर वहां से रायपुर के लिए रवाना होंगे.
चौहान रायपुर स्थित बीजेपी कार्यालय एकात्म परिसर में कार्यकर्ताओं से भेंट और पत्रकारों से चर्चा करेंगे . इसके बाद वह भोपाल के लिए रवाना होंगे. राज्य की बस्तर लोकसभा सीट के लिए 11 अप्रैल को मतदान होगा. अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने वर्तमान सांसद दिनेश कश्यप का टिकट काटकर पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप को प्रत्याशी बनाया है. वहीं कांग्रेस ने विधायक दीपक बैज को चुनाव मैदान में उतारा है.
बस्तर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आठ विधानसभा सीट हैं जिसमें से सात सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं. पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इस लोकसभा क्षेत्र की सात सीटों पर जीत हासिल की थी. हांलकि राज्य निर्माण के बाद से बीजेपी ने बस्तर लोकसभा सीट पर लगातार जीत हासिल की है.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 02, 2019 04:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

