लोकसभा चुनाव 2019: राजस्थान में कड़ी सुरक्षा के बीच 12 सीटों पर मतदान जारी

राजस्थान की 12 संसदीय सीटों के लिए सोमवार को मतदान जारी है. मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ. राज्य में लोकसभा चुनाव का यह दूसरा चरण है...

राजथान में मतदान (Photo Credit- IANS)

जयपुर:  राजस्थान की 12 संसदीय सीटों के लिए सोमवार को मतदान जारी है. मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ. राज्य में लोकसभा चुनाव का यह दूसरा चरण है. मुख्य चुनाव अधिकारी आनंद कुमार ने अपनी पत्नी आराधना सिंह (Aradhna Singh) और बेटे विनायक कुमार के साथ वोट डाला. पुलिस महानिदेशक कपिल गर्ग ने अपनी पत्नी रचना गर्ग के साथ गांधी नगर स्कूल में वोट डाला.

केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को वोट डालने के लिए अपने माता-पिता और पत्नी के साथ कतार में खड़े देखा गया. मुख्य चुनाव अधिकारी कुमार ने कहा कि कुल 134 उम्मीदवार इन सीटों पर किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं, जबकि लगभग 2.30 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. सबसे अधिक उम्मीदवार जयपुर में बताए गए हैं, जबकि सबसे कम दौसा संसदीय सीट पर हैं.

यह भी पढ़ें: राजस्थान की जयपुर ग्रामीण सीट पर होगा रोचक मुकाबला, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को कड़ी टक्कर दे रही हैं कृष्णा पूनिया

जिन संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है उनमें श्री गंगानगर में 19.41 लाख मतदाता, बीकानेर में 18.49 लाख मतदाता, चुरू में 20.10 लाख, झुंझुनू में 19.8 लाख, सीकर में 20.24 लाख, जयपुर ग्रामीण में 19.43 लाख, जयपुर में 21.25 लाख, अलवर में 18.73 लाख, भरतपुर में 19.34 लाख, करौली धौलपुर में 18.5 लाख, दौसा में 17.26 लाख और नागौर में 19.24 लाख मतदाता शामिल हैं. मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा और सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं.

Share Now

\